जबलपुर के मदन महल रेलवे स्टेशन पर एक गाड़ी स्टैंड कर्मी के साथ मारपीट का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है। बुधवार- गुरुवार की दरमियानी रात करीब 1:30 बजे प्लेटफार्म नंबर 4 स्थित गाड़ी स्टैंड के बाहर तीन युवकों ने ड्यूटी पर तैनात कर्मी शक्ति सोनकर की पिटाई की। मदन महल थाना के उप निरीक्षक रंजन राय ने बताया कि तीन युवक गाड़ी स्टैंड पर पहुंचे और शक्ति सोनकर से विवाद करने लगे। विवाद बढ़ने पर तीनों ने शक्ति सोनकर पर हमला कर दिया। इस मारपीट में शक्ति सोनकर को सिर और मुंह पर गंभीर चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मारपीट करने वाले दो आरोपियों शुभम ठाकुर और साहिल ठाकुर, निवासी काली मठ, को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को गुरुवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। तीसरे आरोपी की तलाश जारी है। घायल शक्ति सोनकर को उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


