करौली के प्रसिद्ध मदन मोहन मंदिर में राधा मदन मोहन शयन आरती भक्त मंडल द्वारा एक विशेष धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सोमवार की संध्या को मंदिर में गोपाल सहस्त्रनाम का सामूहिक पाठ किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान संध्या आरती से लेकर शयन आरती तक पंडित शिवजी प्रसाद शास्त्री के नेतृत्व में भक्तों ने सामूहिक रूप से गोपाल सहस्त्रनाम का पाठ कर भगवान से सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर श्रद्धालुओं के बीच 5 क्विंटल से अधिक पौष खिचड़ी का प्रसाद वितरण किया गया। शयन आरती भक्त मंडल के जयंत शर्मा ने बताया कि यह आयोजन प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार किया गया। सहस्त्रनाम पाठ के उपरांत भगवान मदन मोहन की संध्या आरती के साथ प्रसाद वितरण प्रारंभ हुआ, जो शयन आरती तक निरंतर चलता रहा। कार्यक्रम को सफल बनाने में लक्की काका, मन्नु, हेमेन्द्र, विजय, नीरज, विक्की, नकुल, भागीरथ सहित अनेक भक्तों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


