पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा के बयान पर पलटवार करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि मैंने पहले भी कहा था कि डोटासरा जी बिना बॉल के फुटबॉल खेल रहे हैं। बॉल तो है ही नहीं, यूं ही टांगे मारते रहते हैं, घूमते रहते हैं। क्या बोलते हैं, उनको खुद को बाद में पता चलता है कि मैंने क्या बोल दिया। उन्होंने कहा- हमारी सरकार में कोई पर्ची वाली बात नहीं है। पता नहीं उनको कहां से ऐसा लगता है, उनके क्या सोर्स हैं। सही बात तो वे ही बता सकते हैं। मैं तो यही कहूंगा कि हम सही ढंग से काम कर रहे हैं। अच्छा काम कर रहे हैं। उसमें हमें सफलता भी मिल रही है। मदन राठौड़ ने कहा- डोटासरा को अपना घर संभालना चाहिए। हम अपना घर संभाल रहे हैं। किरोड़ी लाल मीणा हमारे वरिष्ठ नेता है, मंत्री हैं। विपक्ष पहले अपना घर देख ले कि उनके घर में क्या हो रहा है। दूसरे के घर में तांकझांक करना अच्छी बात नहीं है। पायलट पहले अपने नेतृत्व को समझे मदन राठौड़ ने सचिन पायलट के दिल्ली में बीजेपी के कहीं भी नहीं होने के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि पायलट शायद भूल रहे हैं, उनको याद होना चाहिए कि पिछली बार दिल्ली में कांग्रेस का एक भी एमएलए नहीं जीता था। ये कभी तो आम आदमी पार्टी से समझौता कर लेते हैं। कभी इनके संबंध बिगड़ जाते हैं। यह इस तरह का बेमेल गठजोड़ पूरे हिंदुस्तान में कर रहे हैं। पायलट साहब को पहले अपने नेतृत्व को समझना चाहिए। उनका जो नेतृत्व है, उनकी जो लीडरशिप है वह ढुलमुल हैं। जो कभी अपने पर अडिग नहीं रहती है, बदल जाती है। प्रदेश में जिसके साथ समझौता करते हैं, फिर उन्हीं से कुश्ती भी लड़ लेते हैं। उन्होंने कहा कि पायलट अपना घर संभाले, हमारे बारे में नहीं सोच। हमें शीश महल से कोई मतलब नहीं है। हमें जनता की सेवा करनी है। इस बार दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी को बहुमत मिलने वाला है। भारतीय जनता पार्टी वहां सरकार बना रही है।


