मधुपुर में मंदिर जीर्णोद्धार पर दो समुदाय भिड़े:मारपीट-पत्थरबाजी में 7 घायल, पुलिस तैनात; प्रशासन ने की अफवाहों से दूर रहने की अपील

देवघर जिले के मधुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लालगढ़ मोहल्ले में काली मंदिर के जीर्णोद्धार को लेकर चला आ रहा विवाद गुरुवार को हिंसक झड़प में बदल गया। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ यह विवाद जल्द ही दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट और पत्थरबाजी हुई, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई। इस हिंसक घटना में दोनों पक्ष से लोग घायल हुए हैं, जिनमें तीन महिलाएं भी शामिल हैं। घायलों में दो की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। उन्हें तत्काल मधुपुर अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। लाठी-डंडे चले फिर पत्थरबाजी हुई स्थानीय सूत्रों के अनुसार, काली मंदिर के जीर्णोद्धार और निर्माण कार्य से जुड़े अधिकार, देखरेख और व्यवस्था को लेकर लंबे समय से दो पक्षों के बीच मतभेद था। गुरुवार को इसी मुद्दे पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पहले तीखी बहस हुई, फिर बात धक्का-मुक्की तक पहुंची और जल्द ही लाठी-डंडे चलने लगे तथा पत्थरबाजी शुरू हो गई। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया। अनुमंडल पदाधिकारी राजीव कुमार, एसडीपीओ सत्येंद्र प्रसाद और मधुपुर थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने भीड़ को तितर-बितर कर स्थिति को नियंत्रण में लिया और इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। घटना के बाद लालगढ़ मोहल्ले में तनाव का माहौल बना हुआ है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस लगातार गश्त कर रही है। प्रशासन ने आम नागरिकों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *