मधुमक्खी हमले में 2 की मौत, 6 घायल:राजनांदगांव के बजरंगपुर नवागांव में खेत में नाश्ता करते समय मधुमक्खियों का अटैक, मची अफरा-तफरी

छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के बजरंगपुर नवागांव वार्ड में शनिवार सुबह खेत में काम कर रहे लोगों पर अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। इस हमले में एक महिला और एक पुरुष की मौत हो गई, जबकि पांच महिलाएं और एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। यह घटना चिखली पुलिस चौकी क्षेत्र का है। घटना रविवार सुबह करीब 9 बजे की है, जब वार्ड के निवासी सुशीला देवांगन, पार्वती साहू, माया डोंगरे, सुनीता यादव और सुमित्रा साहू रोज़ की तरह खेत में काम करने पहुंची थीं। बताया गया कि जब महिलाएं खेत में टिफिन निकालकर नाश्ता कर रही थीं, तभी मधुमक्खियों के एक झुंड ने अचानक उन पर हमला कर दिया। हमले के दौरान पास में ही मौजूद शिव यदु और उनका बेटा भी चपेट में आ गए। मधुमक्खियों के हमले से मौके पर चीख-पुकार मच गई, लेकिन आसपास कोई मदद नहीं मिल सकी। दो लोगों की मौत, छह घायल
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मधुमक्खियों के झुंड को हटाने के बाद घायलों को किसी तरह बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने शिव यदु और सुशीला देवांगन को मृत घोषित कर दिया, जबकि माया डोंगरे, सुमित्रा साहू, सुनीता यादव, पार्वती साहू और शिव यदु के बेटे का इलाज जिला चिकित्सालय और मेडिकल कॉलेज में जारी है। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। खेत में मधुमक्खियों ने किया अचानक हमला मधुमक्खियों के हमले में घायल पार्वती ने कहा, हम लोग सुबह दस बजे खेत पहुंचे। यहां थैला रखे ही थे कि मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। इसमें मधुमक्खियों के हमले में तीन लोग ज्यादा घायल हो गए। जबकि दो लोग कम घायल हुए हैं। वार्ड पार्षद राजा तिवारी ने की पुष्टि
नवागांव वार्ड पार्षद राजा तिवारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि यह घटना दर्दनाक और अप्रत्याशित थी। ग्रामीणों ने बहादुरी दिखाते हुए घायलों को बचाया, वरना और भी बड़ा नुकसान हो सकता था। मधुमक्खी के डंक से एलर्जी और हार्ट फेल्योर का खतरा मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल के प्रभारी डॉ पवन जेठानी ने कहा, नवागांव में मधुमक्खियों के हमले में चार लोग घायल हुए थे। उन लोगों को शनिवार को अस्पताल में भर्ती के लिए लाया गया ​था। घायलों में दो लोगों की मौत हो गई। बाकी दो लोगों का इलाज अभी चल रहा है। डॉ पवन जेठानी ने कहा, मधुमक्खियों के डंक से बॉडी में एलर्जिक रिएक्शन होता है। इससे सांस लेने में समस्या होती है और धीरे से हार्ट फेल होना चालू होता है। ऐसे में मधुमक्खियों के डंक लगने के बाद तत्काल अस्पताल पहुंचे। और मधुमक्खियों के डंक को बॉडी से निकाल दिया जाए। इसके बाद भी अगर कोई समस्या आए तो डॉक्टर को तुरंत बताएं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *