गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में 187 लीटर अंग्रेजी शराब पकड़ाई है। आरोपी मध्यप्रदेश से अवैध शराब ला रहे थे तभी मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उनकी कार रोककर तलाशी ली। आरोपी इस शराब को छत्तीसगढ़ में बेचने की योजना बना रहे थे। जीपीएम थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी गाड़ी से मध्यप्रदेश ब्रांड की 187.020 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई। पुलिस ने शराब और वाहन के अलावा तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। साइबर सेल और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई एसपी भावना गुप्ता के निर्देशन में साइबर सेल और पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई की है। सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) और 59(a) के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा। आरोपियों में मिलेनियम ढाबा के संचालक गौरव विश्वकर्मा (35) भी शामिल हैं। अन्य आरोपियों में तेज राम राठौर (45), शैलेंद्र राठौर (20) और प्रदीप राठौर (19) हैं। तीनों मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के रहने वाले हैं। अवैध गतिविधियों की जानकारी देने की अपील जिले में अवैध शराब तस्करी और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अवैध गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तुरंत सूचित करें।


