जांजगीर| सेजेस जांजगीर क्र.-1 में समग्र शिक्षा अंतर्गत उत्कृष्ट जांजगीर योजना और अन्य विभागीय योजनाओं की समीक्षा के लिए जिले के सभी संकुल समन्वयकों की दो पाली में बैठक आयोजित की गई। बैठक का संचालन जिला मिशन समन्वयक राजकुमार तिवारी ने किया। बैठक में मध्यान्ह भोजन योजना, अपार आईडी निर्माण, यू-डाइस प्रविष्टि, शाला अनुदान राशि, एनएमएमएसई छात्रवृत्ति, नवोदय विद्यालय भर्ती परीक्षा की तैयारी, पाठ्यपुस्तक और गणवेश वितरण, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान, मुख्यमंत्री शिक्षा गुणवत्ता, छत्तीसगढ़ रजत जयंती महोत्सव, स्वच्छ और हरित विद्यालय, निर्माण कार्य, शाला अधोसंरचना और शाला निरीक्षण जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। शासकीय विद्यालयों, छात्रावासों और आंगनवाड़ी केन्द्रों में परोसे जाने वाले भोजन को लेकर सावधानी और सुरक्षा के निर्देश दिए गए। भोजन परोसने से पहले शाला प्रमुख और रसोईया द्वारा स्वयं चखकर परीक्षण करना और ‘टेस्टिंग रजिस्टर’ में प्रतिदिन हस्ताक्षर करना अनिवार्य होगा। किसी भी लापरवाही की स्थिति में संस्था प्रमुख व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार होंगे और गंभीर घटनाओं पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा रसोई और भंडारण की स्वच्छता, निरीक्षण और जवाबदेही, सुरक्षा और प्रवेश, प्रशिक्षण और जागरूकता, चिकित्सा तैयारी, समुदाय और अभिभावक सहभागिता, तथा नियमित ऑडिट के निर्देश भी दिए गए। बैठक में एपीसी हरीराम जायसवाल, दिनेश सोनवान, हेमलता शर्मा, अंजना सिंह, प्रोग्रामर रज्जन मिश्रा, आशुतोष चौबे, लोकनाथ श्रीवास, ग्रेड-2 सहित सभी बीआरसी मौजूद थे।


