भास्कर न्यूज | बालोद डौंडीलोहारा विकासखंड की प्राथमिक शाला खपरी का निरीक्षण कर कलेक्टर दिव्या मिश्रा ने व्यवस्था देखी। इस दौरान उन्होंने कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से पढ़ाई-लिखाई के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को समझाइश देते हुए कहा कि जीवन में तरक्की के लिए शिक्षा आवश्यक है। मिश्रा ने विद्यार्थियों को पूरे मनोयोग एवं तन्मयता के साथ अध्ययन कर जीवन में सफलता प्राप्त करने की शुभकामनाएं दीं। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बच्चों से मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता एवं उपलब्धता के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी एवं जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को निर्देशित किया कि किसी भी परिस्थिति में स्कूलों में मध्याह्न भोजन का संचालन बाधित नहीं होना चाहिए। रसोइयों के हड़ताल पर जाने जैसी स्थिति में भी बच्चों का मध्यान्ह भोजन प्रभावित नहीं होना चाहिए। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि ऐसी स्थिति में स्व-सहायता समूह की महिलाओं से समन्वय कर प्रत्येक शाला दिवस पर भोजन व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए गए। कलेक्टर ने विद्यार्थियों को फाइलेरिया बीमारी के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए अनिवार्य रूप से दवा सेवन करने को कहा। उन्होंने बच्चों से अपने माता-पिता एवं परिजनों को भी दवा लेने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया। कलेक्टर एवं अधिकारियों ने विद्यालय में निर्माणाधीन अतिरिक्त कक्ष का भी अवलोकन किया। उसके समुचित साज-सज्जा एवं गुणवत्ता पूर्ण निर्माण वश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर सीईओ सुनील चंद्रवंशी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।


