अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव और उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी धीरज गुर्जर ने भाजपा सरकार पर मनरेगा को समाप्त करने की साजिश रचने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा गरीबों का रोजगार छीनने की कोशिश कर रही है। गुर्जर शनिवार देर शाम बूंदी सर्किट हाउस में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की यूपीए सरकार ने मनरेगा को गरीबों को रोजगार देने वाला एक सशक्त अधिनियम बनाया था, लेकिन केंद्र की भाजपा सरकार ने संसद में नया बिल लाकर इसे कमजोर कर दिया है। बूंदी में हुआ स्वागत
धीरज गुर्जर के बूंदी पहुंचने पर लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी रहे पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल, बूंदी जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष महावीर मीणा और पीसीसी सदस्य चर्मेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका माल्यार्पण कर स्वागत किया। भाजपा पर झूठे वादे करने का आरोप
एआईसीसी सचिव गुर्जर ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा पर झूठे वादे करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि केंद्र में सत्ता में आने से पहले भाजपा ने प्रत्येक भारतीय के खाते में काले धन के 15 लाख रुपए जमा करवाने का वादा किया था, जिसका लोग आज भी इंतजार कर रहे हैं। गुंजल के साथ हाड़ौती के गांवों कर करेंगे दौरा
गुर्जर ने बताया कि हाड़ौती में प्रहलाद गुंजल भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ मजबूती से आवाज उठा रहे हैं। उन्होंने घोषणा की कि वे भी प्रहलाद गुंजल के साथ हाड़ौती के ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा करेंगे और केंद्र व राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों की सच्चाई जनता को बताएंगे।


