मनरेगा को लेकर चंडीगढ़ में कांग्रेस का प्रदर्शन:भाजपा विरोधी नारे लगाए, अध्यक्ष लकी बोले- बीजेपी गरीब विरोधी

चंडीगढ़ में रविवार को कांग्रेस ने मनरेगा को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता चंडीगढ़ कांग्रेस के अध्यक्ष लकी के नेतृत्व में इकट्ठा हुए और बीजेपी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि बीजेपी गरीबों के कल्याण के लिए नहीं, बल्कि उनके हक छीनने का काम कर रही है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बीजेपी विरोधी नारे लगाए और केंद्र सरकार से मनरेगा से जुड़े फैसलों को वापस लेने की मांग की। चंडीगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष लकी ने कहा कि मनरेगा गरीबों के लिए बनाई गई योजना है, लेकिन बीजेपी सरकार इसके नाम और स्वरूप के साथ छेड़छाड़ कर गरीबों के साथ खिलवाड़ कर रही है। गरीबों के हक के लिए कांग्रेस सड़क पर लकी ने कहा कि मनरेगा के जरिए गरीबों को रोजगार और सम्मान मिलना चाहिए। अगर गरीबों को उनका हक नहीं मिला तो कांग्रेस उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रहेगी और डटकर संघर्ष करेगी। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई सिर्फ चंडीगढ़ तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि देशभर में कांग्रेस इसका विरोध करेगी। पंजाब में भी मनरेगा को लेकर आम आदमी पार्टी और कांग्रेस दोनों विरोध कर रही हैं। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने ऐलान किया है कि बीजेपी के पंजाब स्थित नेताओं के घरों का घेराव किया जाएगा और प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में प्रदर्शन व रैलियां की जाएंगी। महिलाओं ने भी दिया समर्थन राजपुर में हुई एक रैली के दौरान अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने मंच से महिलाओं से अपील करते हुए पूछा कि क्या वे इस लड़ाई में साथ देंगी, सड़क जाम करेंगी और बीजेपी नेताओं के घरों का घेराव करेंगी। इस पर पंडाल में मौजूद महिलाओं ने हाथ उठाकर कांग्रेस के साथ खड़े होने का ऐलान किया। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि जब तक गरीबों को उनका पूरा हक नहीं मिलेगा, तब तक कांग्रेस का विरोध और आंदोलन जारी रहेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *