कांग्रेस नेताओं ने मनरेगा बचाओ आंदोलन के तहत प्रस्तावित जिला स्तरीय धरना प्रदर्शन की तैयारियों के संबंध में एक पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। इस दौरान संभागीय समन्वयक विजय केसरवानी और जिला प्रभारी शैलेश पाण्डेय विशेष रूप से उपस्थित रहे। पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार महात्मा गांधी के नाम को धीरे-धीरे खत्म कर भगवान राम के नाम पर राजनीति कर रही है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मनरेगा जैसी जनकल्याणकारी योजना, जो ग्रामीण गरीबों के लिए जीवनरेखा है, उसे कमजोर किया जा रहा है। मजदूरों को न तो पूरा काम मिल पा रहा है और न ही समय पर मजदूरी का भुगतान हो रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों से पलायन बढ़ रहा है। कांग्रेस नेता ने धान खरीदी व्यवस्था पर उठाए सवाल उन्होंने धान खरीदी व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। कांग्रेस ने कहा कि भाजपा सरकार, जो धान का एक-एक दाना खरीदने का दावा करती है, उसने अब खरीदी में लिमिटेशन तय कर किसानों को परेशान करना शुरू कर दिया है। इस लिमिटेशन से छोटे और मध्यम किसान सर्वाधिक प्रभावित हो रहे हैं। किसानों को बार-बार टोकन, बारदाना और भुगतान संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि मनरेगा और धान खरीदी जैसे मुद्दों पर पार्टी चुप नहीं बैठेगी। मनरेगा बचाओ आंदोलन के तहत जिला स्तर पर धरना प्रदर्शन कर सरकार को जवाब देने के लिए मजबूर किया जाएगा। कांग्रेस नेताओं ने जोर देकर कहा कि यह आंदोलन मजदूरों और किसानों के हक की लड़ाई है और जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक संघर्ष जारी रहेगा। इस अवसर पर पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष ग़ज़मती भानु, के.के. ध्रुव, ओमप्रकाश बंका, राकेश जालान, पंकज तिवारी, मनोज गुप्ता, पुष्पराज सिंह ठाकुर, गुलाब राज, बलवीर सिंह करसायल, श्रीवास, जयदत्त तिवारी, जलेश सिंह ठाकुर, विद्या राठौर, मुद्रिका सिंह, पवन केशरवानी सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।


