कोरबा। मनरेगा योजना में किए गए बदलावों के विरोध में कांग्रेस पार्टी देशभर में आंदोलन कर रही है। इसी कड़ी में कोरबा में भी कांग्रेस ने सामूहिक उपवास किया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, कोरबा सांसद ज्योत्सना महंत, पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। नेताओं ने केंद्र सरकार पर मनरेगा को कमजोर करने और मनमानी फैसले लेने का आरोप लगाया। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की पुण्यतिथि के अवसर पर कांग्रेस नेता गांधी चौक, कोरबा में एकत्रित हुए। सबसे पहले नेताओं ने शास्त्री जी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद “मनरेगा बचाओ संग्राम” के बैनर तले सामूहिक उपवास कर केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध दर्ज कराया गया। भाजपा के भीतर आरोप-प्रत्यारोप, जंबूरी को लेकर विवाद इधर, भाजपा के वरिष्ठ नेता और रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने अपनी ही पार्टी के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव पर राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी 2026 के आयोजन में करीब 10 करोड़ रुपए की वित्तीय अनियमितता का आरोप लगाया। बृजमोहन अग्रवाल ने खुद को भारत स्काउट्स एंड गाइड्स छत्तीसगढ़ का वैधानिक अध्यक्ष बताते हुए 9 से 13 जनवरी तक बालोद में प्रस्तावित आयोजन को स्थगित करने की घोषणा की थी। उन्होंने इस मामले में हाईकोर्ट में याचिका भी दाखिल की है। कांग्रेस का तंज- भाजपा का चाल-चरित्र उजागर इस मुद्दे पर कांग्रेस ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। महासमुंद स्थित कांग्रेस भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि भाजपा के वरिष्ठ नेता द्वारा अपनी ही सरकार के मंत्री पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाना इस बात का प्रमाण है कि भाजपा का चाल-चरित्र भ्रष्टाचार से भरा हुआ है। उन्होंने इसे भाजपा की अंदरूनी सच्चाई करार दिया। मंत्री गजेंद्र यादव ने आरोपों को किया खारिज विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया। उन्होंने कहा कि जंबूरी का आयोजन पूरी तरह पारदर्शी तरीके से GeM पोर्टल के माध्यम से किया जा रहा है और इसमें किसी भी तरह का भ्रष्टाचार नहीं हुआ है। मंत्री ने बृजमोहन अग्रवाल को “बड़े भैया” बताते हुए आपसी संवाद से मामला सुलझाने की बात भी कही।


