भास्कर न्यूज | टोंक कांग्रेस के मनरेगा बचाओ संग्राम जन आंदोलन के तहत देहात ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की ओर से कई मंडलों में चौपाल व मनरेगा श्रमिक संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। मंडल घांस (ऊंटींटाना) एवं मंडल बारवास (चूली) में आयोजित कार्यक्रमों ब्लॉक अध्यक्ष कैलाशी मीना ने मनरेगा श्रमिकों, किसानों व ग्रामीणों को संबोधित कर कहा कि मनरेगा योजना गरीब मजदूरों के लिए जीवनदायिनी योजना है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार मनरेगा को कमजोर कर बंद करने की योजना बना रही है, जो गरीबों और मजदूरों के अधिकारों पर सीधा हमला है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार गरीबों का गला घोंटने का प्रयास कांग्रेस पार्टी कभी बर्दाश्त नहीं करेगी। मंडल अध्यक्ष मुकेश गुर्जर, मूलचंद बैरवा, राजेंद्र बोकण, बीएल गुर्जर, कन्हैयालाल मीना ने कहा कि कांग्रेस “मनरेगा बचाओ संग्राम” को व्यापक जन आंदोलन बनाएगी और गरीबों व मजदूरों के हितों की रक्षा के लिए सड़क से संसद तक संघर्ष करेगी। यह योजना ग्रामीण पलायन रोकने, मजदूरी बढ़ाने और टिकाऊ सामुदायिक परिसंपत्तियों के निर्माण में अहम भूमिका निभाती है। उन्होंने बताया कि कानून के अनुसार राज्य सरकार को 15 दिनों के भीतर रोजगार देना अनिवार्य है, अन्यथा बेरोजगारी भत्ता देना होता है। ग्रामीण व कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


