मनरेगा में बदलाव के खिलाफ कांग्रेस का विरोध:चूरू में सड़क से संसद तक लड़ाई का ऐलान, हर गली में होगा विरोध प्रदर्शन

चूरू में शनिवार दोपहर कांग्रेस कार्यालय मंडेलिया हाउस में मनरेगा में बदलावों को लेकर एक प्रेसवार्ता आयोजित की गई। इसमें प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव और जिला संगठन प्रभारी विधायक हाकम अली खान ने कहा कि कांग्रेस मनरेगा बचाने के लिए हर गांव, हर वार्ड और हर गली में विरोध प्रदर्शन करेगी। खान ने मनरेगा को संविधान से मिला अधिकार बताते हुए कहा कि मोदी सरकार जनविरोधी नीतियों की फैक्ट्री बन चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पहले रोजगार छीन चुकी है और अब रोजगार का अधिकार भी खत्म करने पर तुली है। उन्होंने चेतावनी दी कि इस अधिकार को खत्म करने की हर साजिश का सड़क से संसद तक जवाब दिया जाएगा। चूरू जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और सुजानगढ़ विधायक मनोज मेघवाल ने केंद्र सरकार पर उद्योगपतियों के दबाव में मनरेगा योजना को खत्म करने का आरोप लगाया। उन्होंने इसे गरीब मजदूरों के हितों पर कुठाराघात बताया और कहा कि कांग्रेस हमेशा गरीबों और मजदूरों के अधिकारों के लिए लड़ती रहेगी। मेघवाल ने बताया कि पीसीसी के निर्देश पर मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत चूरू जिला कांग्रेस कमेटी ने गांधी स्मारक, पुरानी कलेक्ट्रेट, चूरू के सामने एक दिवसीय उपवास कर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने घोषणा की कि 12 जनवरी से 29 जनवरी तक मनरेगा को लेकर गांव-गांव, ढाणी-ढाणी और वार्डों में विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे। प्रेसवार्ता में निवर्तमान प्रधान संजय कस्वां ने भी अपने विचार रखे। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस सचिव रियाजत खान, शहर ब्लॉक अध्यक्ष असलम खोखर, देहात ब्लॉक अध्यक्ष किशोर धान्धू, पूर्व सभापति गोविंद महनसरिया, वरिष्ठ कांग्रेस नेता मोहम्मद हुसैन निर्बाण और रमजान खान सहित कई अन्य नेता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन चूरू जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष जमील चौहान ने किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *