भास्कर न्यूज | गढ़वा कांग्रेस जिलाध्यक्ष ओबैदुल्लाह हक अंसारी ने कहा कि केंद्र कि भाजपा सरकार द्वारा मनरेगा जैसी ऐतिहासिक जनकल्याणकारी योजना से की जा रही छेड़छाड़ के विरोध में कांग्रेस पार्टी की ओर से संचालित मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत 11 जनवरी से 25 फरवरी तक जन जागरण अभियान चलाया जाएगा। अभियान की शुरुआत 11 जनवरी को उपवास कार्यक्रम से किया जाएगा। शनिवार को वे प्रेस कांफ्रेंस में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) को यूपीए सरकार ने 2005 में लागू किया था। यह एक अधिकार-आधारित कानून है, जो ग्रामीण मजदूरों को मजदूरी रोजगार या बेरोजगारी भत्ता देने का अधिकार देता है। किसान, व्यापारी, मजदूर विरोधी मोदी सरकार ने मनरेगा से महात्मा गांधी का नाम हटा कर नया वीबी ग्राम जी अधिनियम लागू किया है। मनरेगा में छेड़छाड़ मजदूरों के अधिकारों पर कुठाराघात है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि 11 जनवरी को महात्मा गांधी प्रतिमा के समक्ष उपवास कार्यक्रम, 12 जनवरी से 29 जनवरी तक पंचायत स्तर पर जनसंपर्क अभियान और पर्चा का वितरण, 30 जनवरी को वार्ड और ब्लॉक स्तर पर शांतिपूर्ण धरना, 31 जनवरी से छह फरवरी तक जिला स्तरीय मनरेगा बचाओ धरना, सात फरवरी से 15 फरवरी तक जिला स्तरीय विधानसभा घेराव, 16 फरवरी से 25 फरवरी तक अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से चार प्रमुख क्षेत्रीय रैलियों का आयोजन किया जाएगा। प्रेस वार्ता में सुरेंद्रनाथ तिवारी, त्रिपुरारी सिंह, योगेंद्रनाथ चौबे, बृजेन्द्र चौधरी, अशोक सिंह आदि मौजूद थे।


