मनाली गांव में वीरवार देर रात एक रिहायशी मकान में अचानक आग लग गई। इस घटना में मकान के रसोईघर सहित दो कमरे और उनमें रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। आग की सूचना मिलते ही दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और आग को फैलने से रोका।
अग्निशमन विभाग के उप प्रभारी सरनपत ने बताया- ओल्ड मनाली गांव निवासी सुंदर सिंह के चार मंजिला मकान में आग लगने की सूचना देर रात प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग मनाली के सात जवानों की टीम मौके पर रवाना हुई। दमकल कर्मियों ने आग को आसपास के घरों में फैलने से रोका अग्निशमन कर्मियों ने ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया है। आग बुझाने से पहले रसोईघर का सारा सामान जलकर राख हो गया, जबकि एक अन्य कमरे में रखा पूरा सामान भी पूरी तरह जल गया। उन्होंने बताया कि दमकल कर्मियों ने लाखों रुपए की संपत्ति को तबाह होने से बचा लिया है। इसके अलावा आग की चपेट में आने से पास स्थित खेख राम निवासी मनाली गांव के मकान को भी सुरक्षित बचा लिया गया। कोई जानी नुकसान नहीं आग लगने के समय प्रभावित परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बताए जा रहे हैं। आग का पता चलते ही सभी लोग समय रहते घर से बाहर निकल गए, जिससे किसी भी प्रकार की जानी नुकसान की सूचना नहीं है।


