मनेंद्रगढ़ कप क्रिकेट टूर्नामेंट का समापन:स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने की बल्लेबाजी, मिनी स्टेडियम बनाने की घोषणा; बच्ची के फोन पर बर्थडे में पहुंचीं विधायक

मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में एक ओर भरतपुर-सोनहत की विधायक रेणुका सिंह एक मासूम बच्ची की फोन कॉल पर उसके जन्मदिन समारोह में शामिल हुईं, तो दूसरी ओर मनेंद्रगढ़ में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने क्रिकेट मैदान में खुद बल्लेबाजी कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। मनेंद्रगढ़ प्रेसिडेंट क्लब द्वारा आयोजित फ्लड लाइट टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट मनेंद्रगढ़ कप 2025 का समापन हुआ। मुख्य अतिथि स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने के लिए बल्लेबाजी की। वार्ड क्रमांक 1 और 4 के बीच फाइनल मैच में मंत्री जायसवाल की बल्लेबाजी के दौरान पूर्व नेता प्रतिपक्ष सरजू यादव ने विकेटकीपर की भूमिका निभाई। भाजपा जिलाध्यक्ष चंपादेवी पावले ने भी बल्लेबाजी की। मंत्री जायसवाल ने कहा कि क्रिकेट आत्मशक्ति प्रदान करता है। यह अनुशासन और एकता के सूत्र में बांधता है। यह मनोरंजन का साधन होने के साथ अंतिम क्षण तक हार न मानने की सीख देता है। मंत्री ने की मिनी स्टेडियम बनाने की घोषणा की प्रेसीडेंट क्लब के अध्यक्ष अधिवक्ता आशीष सिंह की मांग पर मंत्री ने हाई स्कूल मैदान को मिनी स्टेडियम बनाने की घोषणा की। उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिमा सरजू यादव को इस्टीमेट बनवाकर भेजने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिमा सरजू यादव, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष लखनलाल श्रीवास्तव, पूर्व नेता प्रतिपक्ष सरजू यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, कार्यकर्ता और खिलाड़ी उपस्थित रहे। बच्ची के फोन पर विधायक पहुंचीं जन्मदिन में भरतपुर सोनहत विधानसभा क्षेत्र की विधायक और पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री रेणुका सिंह ने एक बच्ची के जन्मदिन समारोह में शिरकत की। यह मुलाकात एक अनजान फोन कॉल से शुरू हुई। रेणुका सिंह को एक दिन पहले शाम को एक अनजान नंबर से फोन आया। फोन पर एक बच्ची ने खुद को रोमा गिरी बताया। उसने कहा कि वह ग्राम भैंसवार के जामटिकरा की रहने वाली है। रोमा ने विधायक को अपने जन्मदिन पर आने का निमंत्रण दिया। बच्ची की मासूम आवाज सुनकर विधायक मना नहीं कर पाईं। अगले दिन वे रोमा के घर पहुंचीं। उन्होंने रोमा के माता-पिता ओंकार गिरी और ममता गिरी को बधाई दी। इस अवसर पर भाजपा के कई कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। सोशल मीडिया पर विधायक की इस सहजता की चर्चा हो रही है। लोग उनके बच्चों के प्रति स्नेह की सराहना कर रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *