टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग का पूरा प्लान भास्कर के पास, 3 औद्योगिक क्षेत्र और बानमोर के पास एयरपोर्ट प्रस्तावित था मध्यप्रदेश का तीसरा मेट्रोपॉलिटन रीजन ग्वालियर को बनाया जा रहा है। पहले प्रस्ताव के मुताबिक चार जिलों ग्वालियर, मुरैना, भिंड और दतिया के कुल 2900 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र को इसमें शामिल किया जा सकता है। तीन औद्योगिक क्षेत्र भी इसमें शामिल रहेंगे। दरअसल ग्वालियर मेट्रोपॉलिटन एरिया का पहला प्रस्ताव छह साल पहले 2019 में बना था। तब टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग को यह काम दिया गया था। विधानसभा के विशेष सत्र में 17 दिसंबर को मुख्यमंत्री ने कहा- इंदौर व भोपाल के बाद अब ग्वालियर और जबलपुर को भी मेट्रोपॉलिटन एरिया बनाएंगे। इसके साथ ही ग्वालियर में चर्चा शुरू हो गई है कि कितना और कौनसा एरिया शामिल होगा। हालांकि अब नए सिरे से प्लान बनेगा। इसमें काफी समय लगेगा, लेकिन मेट्रो सिटी एरिया का एक प्लान पहले बन चुका है। तब टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग को यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी। उस समय के टाउन एंड कंट्री प्लानिंग के अधिकारी वीके शर्मा ने यह पूरा प्लान भास्कर के साथ शेयर किया। चूंकि यह पूरा प्लान इंवेस्टमेंट रीजन के हिसाब से बनाया गया था, इसलिए इसमें मुरैना के बानमोर और सीतापुर, भिंड के मालनपुर इंडस्ट्रियल एरिया शामिल किए गए थे। प्रस्ताव में ग्वालियर, मुरैना, भिंड और दतिया के ये क्षेत्र शामिल मेट्रोपोलिटन सिटी योजना में चारों जिले पूरी तरह से शामिल नहीं होंगे। सिटी के भविष्य के विकास को ध्यान में रखकर नेशनल हाइवे, स्टेट हाइवे और रेल मार्ग के आसपास के क्षेत्रों को ज्यादा शामिल किया जाएगा। अब नया प्लान बनेगा… जीडीए होगा नोडल एजेंसी! फिलहाल सिर्फ घोषणा हुई है। सबसे पहले सरकार की ओर से नोडल एजेंसी तय की जाएगी। इंदौर और भोपाल में वहां के विकास प्राधिकरण को नोडल बनाया गया था। अधिकारियों का कहना है कि यहां भी ग्वालियर विकास प्राधिकरण को नोडल एजेंसी बनाया जा सकता है। इसके बाद एरिया तय करने के लिए कंसलटेंट नियुक्त किया जाएगा। दो से तीन महीने के सर्वे के बाद एरिया तय होगा। किस जिले का कौन सा पार्ट लेंगे। आम लोगों और प्रबुद्धजनों के सुझाव भी लिए जाएंगे। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि नए प्लान में भी एरिया पुराने प्लान के आसपास ही होगा। चूंकि मई 2025 में ही कैबिनेट से पांचों शहरों को मेट्रोपॉलिटन एरिया बनाने की मंजूरी मिल चुकी है। ग्वालियर का एक प्लान पहले ही तैयार है। इसी में संशोधन किए जाने हैं। इससे जाहिर है समय कम लगेगा। नए साल में ग्वालियर में कैबिनेट बैठक प्रस्तावित; नया प्लान जल्द ग्वालियर में अटल जी की स्मृति में एक कैबिनेट बैठक नए साल में प्रस्तावित है। अधिकृत सूत्रों के मुताबिक इस क्षेत्र के विकास के प्लान इसी बैठक में रखे जाने हैं। मुख्यमंत्री ने कहा भी है कि 2026 में ग्वालियर को मेट्रोपॉलिटन एरिया बना देंगे। इसलिए उम्मीद है कि जल्द ही पूरा नया प्लान सामने आ जाएगा।


