जशपुर जिले के मयाली में मधेश्वर महादेव के समीप चल रही शिव महापुराण कथा में मंगलवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल होने पहुंचे। कथा में एक लाख से अधिक श्रद्धालु मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा का मधेश्वर महादेव की छायाचित्र और माला से सम्मान किया। उनकी धर्मपत्नी कौशल्या साय भी कथा श्रवण के लिए उपस्थित थीं। कार्यक्रम में विशेष पिछड़ी जनजाति समुदाय की भी सक्रिय भागीदारी रही। ग्राम पंडरसिली से पहाड़ी कोरवा और बगीचा ब्लॉक के बेहेराखार एवं भितघारा से बिरहोर समुदाय के लोग शामिल हुए। शिव भक्ति की धारा बह रही – CM मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पिछले पांच दिनों से इस क्षेत्र में शिव भक्ति की धारा बह रही है। यह कथा अगले दो दिन तक जारी रहेगी। उन्होंने यह भी बताया कि रामलला अयोध्या धाम दर्शन योजना के तहत 22 हजार से अधिक श्रद्धालु अब तक दर्शन कर चुके हैं। मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना 27 मार्च से फिर शुरू होगी। ‘जीवन को सही दिशा देने का संदेश’ समुदाय के संतोष राम, बजरु राम, शंकर राम, दुर्गा राम, गेदु राम, गुरुबारु राम और लाखा राम ने कहा कि कथा से उन्हें आत्मिक शांति मिली। उनका कहना है कि पंडित मिश्रा के प्रवचन शिव भक्ति के साथ जीवन को सही दिशा देने का संदेश भी देते हैं।


