भास्कर न्यूज | झुमरी तिलैया भाजपा झुमरी तिलैया मंडल की ओर से राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों एवं नगर निकाय चुनाव में जानबूझकर की जा रही देरी के विरोध में नगर परिषद कार्यालय के समक्ष एकदिवसीय धरना प्रदर्शन किया गया। धरना के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए तत्काल नगर निकाय चुनाव कराने की मांग की। कार्यक्रम में हजारीबाग के पूर्व जिला अध्यक्ष सह प्रभारी टुन्नू गोप ने कहा कि झारखंड की मौजूदा सरकार लोकतंत्र का गला घोंटने का काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता के जनादेश से डर के कारण जानबूझकर नगर निकाय चुनाव नहीं करा रही है, जो संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों का खुला अपमान है। जिला अध्यक्ष अनूप जोशी ने कहा कि पिछले पांच वर्षों से नगर निकाय चुनाव नहीं होने के कारण नगर परिषद पूरी तरह पंगु हो चुकी है। शहर में गंदगी, जलापूर्ति, सड़क, स्ट्रीट लाइट जैसी बुनियादी सुविधाएं बदहाल हैं, लेकिन सरकार आंख मूंदे बैठी है। उन्होंने आरोप लगाया कि टेंडर के नाम पर लूट मची हुई है और यह जनता के टैक्स का पैसा है, जिसे भाजपा लूटने नहीं देगी। प्रदेश कार्य समिति सदस्य नितेश चंद्रवंशी ने कहा कि नगर निकाय चुनाव टालना सरकार की नीयत और नाकामी को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि चुने हुए जनप्रतिनिधियों को हटाकर अफसरशाही के भरोसे शहर चलाना सरकार की तानाशाही मानसिकता को दर्शाता है। वहीं प्रदेश कार्य समिति सदस्य रामचंद्र सिंह ने कहा कि नगर निकाय चुनाव न होना जनता के साथ खुला धोखा है, जिससे विकास कार्य ठप पड़े हैं और जनसमस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। धरना को प्रदेश कार्य समिति सदस्य रवि मोदी, पूर्व जिला अध्यक्ष रामनाथ सिंह, जिला महामंत्री शिवेंद्र नारायण सिन्हा, भाजपा नेता रमेश हर्षधर, अरशद खान, सूरज प्रताप मेहता, दिनेश्वर प्रसाद, विजय राम, किशोर पंडित, विनोद सिन्हा, राजेंद्र सिंह, महादेव दास सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया। धरना की अध्यक्षता सुधीर सेठ और संचालन झुमरी तिलैया मंडल अध्यक्ष नवीन चौधरी ने किया। मौके पर शशि भूषण प्रसाद, राजकिशोर प्रसाद, नीरज कर्ण, चंद्रशेखर जोशी, कर्मा मंडल अध्यक्ष सुनील पंडित, अमर सिंह, इंद्रदेव मोदी, अंकित गुप्ता, भारत लाल पांडे सहित अन्य लोग मौजूद थे। भास्कर न्यूज़ | मरकच्चो थाना क्षेत्र अंतर्गत बंधन चौक अस्पताल रोड स्थित एक राशन दुकान में बीती रात अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर दुकान का ताला तोड़कर गल्ले में रखे 1 लाख 52 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। घटना को लेकर पीड़ित दुकानदार ने मरकच्चो थाना में लिखित आवेदन देकर जांच की मांग की है। पीड़ित खुर्शीद आलम के अनुसार, सोमवार की देर रात वे अपनी राशन दुकान में ताला लगाकर घर चले गए थे। मंगलवार सुबह जब वे दुकान खोलने पहुंचे तो देखा कि दुकान के दोनों ताले टूटे हुए थे और शटर का लॉक भी खुला हुआ था। शटर उठाकर अंदर प्रवेश करने पर गल्ले में रखी पूरी नकद राशि गायब मिली। इसके बाद उन्होंने आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन किसी को भी घटना की जानकारी नहीं थी। तत्पश्चात उन्होंने बिना देर किए थाना पहुंचकर पुलिस को पूरी घटना की लिखित शिकायत दी। सूचना मिलते ही मरकच्चो पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई है। वहीं एक अन्य घटना में चोरों ने उत्क्रमित विद्यालय मरकच्चो कालीमंडा को भी निशाना बनाया। चोरों ने विद्यालय के दो कमरों का ताला तोड़कर वायर समेत तीन पंखों की चोरी कर ली। इस संबंध में विद्यालय के प्रधानाध्यापक कपिल देव सिंह ने थाना में आवेदन देकर घटना की जानकारी पुलिस को दी है। गौरतलब है कि बीते 5–6 महीनों के दौरान मरकच्चो थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों और कस्बों में चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे आम लोगों में दहशत का माहौल है। अब देखने वाली बात यह होगी कि पुलिस इन ताजा मामलों का उद्भेदन कर पाती है या फिर पूर्व की तरह ये घटनाएं भी फाइलों में सिमटकर रह जाएंगी। कोडरमा| सड़क सुरक्षा माह अभियान के तहत मंगलवार को झुमरीतिलैया बस स्टैंड परिसर में वाहन चालकों, कंडक्टरों एवं परिवहन से जुड़े कर्मियों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। हेल्थ चेकअप शिविर में बड़ी संख्या में बस एवं अन्य वाहनों के चालक, कंडक्टर और कर्मी पहुंचे। शिविर के दौरान उपस्थित स्वास्थ्य टीम द्वारा रक्तचाप, शुगर सहित अन्य सामान्य स्वास्थ्य जांच की गई। साथ ही वाहन चालकों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, संतुलित जीवनशैली अपनाने और सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति जागरूक किया गया। अधिकारियों ने बताया कि वाहन चालकों का स्वस्थ रहना सड़क सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है। अस्वस्थता की स्थिति में वाहन चलाना दुर्घटनाओं का कारण बन सकता है, इसलिए समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण जरूरी है। मौके पर जिला परिवहन पदाधिकारी विजय कुमार सोनी, मोटर यान निरीक्षक, कोडरमा प्रखंड प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से आए चिकित्सकों की टीम, विभागीय कर्मचारी एवं सड़क सुरक्षा दल के कर्मी मौजूद थे।


