गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले में स्थानीय विधायक प्रणव मरपच्ची पर धमकी देने का आरोप लगा है। आरोप है कि विधायक ने वार्ड क्रमांक 2 से निर्दलीय पार्षद प्रत्याशी को चुनाव प्रचार के दौरान गोली मारने की धमकी दी है। नगर पंचायत मरवाही के निर्दलीय पार्षद प्रत्याशी संतोष कुमार केवट ने अपने साथियों के साथ मरवाही थाने में शिकायत दर्ज कराई है। घटना के बाद स्थानीय प्रशासन से उन्होंने सुरक्षा की मांग की है। आरोप है कि जब संतोष केवट अपने साथी राजू केवट और रामेश्वर सोनी के साथ निर्दलीय अध्यक्ष पद प्रत्याशी (गिलास छाप) का प्रचार कर रहे थे, तभी विधायक मरपच्ची वहां पहुंचे और उन्हें गोली मारने की धमकी दी। आरोपों को बताया बेबुनियाद विधायक मरपच्ची ने इन आरोपों को खारिज करते हुए इसे पूर्व नियोजित साजिश करार दिया है। उनका कहना है कि शिकायत में दर्ज तारीख (8 तारीख) से ही स्पष्ट है कि यह चुनाव के समय की गई एक साजिश है। विधायक ने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है। प्रत्याशी का चुनाव प्रचार जारी समर्थकों का कहना है कि इस घटना के बाद वे डरे हुए है, लेकिन वे अपना चुनाव प्रचार जारी रखे हुए हैं। उन्होंने न्याय की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने कुछ नहीं कहा मरवाही थाना प्रभारी ने बताया कि हम इस शिकायत से संबंधित कुछ जानकारी नहीं दे सकते हैं। बड़े अधिकारी ही इस पर कुछ बोल सकते हैं। वहीं, पुलिस के बड़े अधिकारियों ने भी कुछ कहने से मना किया है।


