मंडला जिला अस्पताल में एक मेल नर्सिंग ऑफिसर के साथ मरीज के परिजनों ने मारपीट की। घटना के बाद अस्पताल के सभी स्टाफ ने काम रोक दिया और सिविल सर्जन कार्यालय पहुंच गए। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना प्रभारी शफीक खान स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे। घटना बुधवार सुबह करीब 10 बजे की है। पुलिस से की शिकायत, अस्पताल में सुरक्षा की मांग नर्सिंग ऑफिसर राकेश सिंह राजपूत ने पुलिस को शिकायत पत्र सौंपकर कार्रवाई और अस्पताल में सुरक्षा की मांग की है। इस घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें अस्पताल स्टाफ के साथ कुछ लोग धक्का-मुक्की करते दिख रहे हैं। मरीज के साथ आए परिजनों ने की अभद्रता राकेश सिंह राजपूत ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 10 बजे आपातकालीन कक्ष में मरीज विशाल ठाकुर को लाया गया था। मरीज के साथ आए गोलू ठाकुर, शेरा ठाकुर और अन्य परिजनों ने महिला डॉक्टर के साथ अभद्रता की और अनुचित शब्दों का इस्तेमाल किया। जब नर्सिंग ऑफिसर राकेश सिंह राजपूत ने इसका विरोध किया, तो उनके साथ मारपीट और गाली-गलौज की गई। बीच-बचाव करने आए अन्य डॉक्टरों और स्टाफ के साथ भी गाली-गलौज और मारपीट की गई। उन्होंने पुलिस से इस मामले में तत्काल कार्रवाई करने और अस्पताल में आए दिन होने वाली ऐसी घटनाओं को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। टीआई बोले-मामले की हो रही है जांच कोतवाली थाना प्रभारी शफीक खान ने बताया कि मेल नर्स और अस्पताल स्टाफ के साथ मरीज विशाल ठाकुर के परिजनों द्वारा हाथापाई की नौबत आई है। अस्पताल स्टाफ द्वारा उन्हें आवेदन दिया गया है, जिसकी जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।


