मलेरकोटला में दो पाकिस्तानी जासूस गिरफ्तार:सेना की गतिविधि दिल्ली में हाई कमीशन को भेज रहे थे, ऑनलाइन लेते थे पेमेंट, 2 मोबाइल बरामद

पंजाब की मलेरकोटला पुलिस ने दो लोगों को पकड़ा है जो भारत की सेना से जुड़ी गोपनीय जानकारी पाकिस्तान भेज रहे थे। ये जानकारी पाकिस्तान के एक अधिकारी को भेजी जा रही थी, जो दिल्ली में पाक हाई कमीशन (राजनयिक दूतावास) में तैनात है। इन आरोपियों को ऑनलाइन पेमेंट मिल रहा था। वे पैसों के बदले भारतीय सेना की गतिविधियों की जानकारी पाकिस्तान भेजते थे। जब पुलिस को पुख़्ता जानकारी मिली तो एक व्यक्ति को पहले पकड़ा गया, जिसने पूछताछ में दूसरे व्यक्ति का नाम बताया और उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया। इनके पास से दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं और मामला दर्ज (FIR) कर लिया गया है। इस संबंध में पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव ने जानकारी साझा की है। उन्होंने कहा- पंजाब पुलिस भविष्य में भी देश और राज्य की सुरक्षा के लिए इसी तरह काम करती रहेगी। डीजीपी बोले- सेना सहित अन्य एजेंसियों की गतिविधि लीक करते थे पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव ने कहा- पंजाब पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता मिला है। मलेरकोटला पुलिस ने नई दिल्ली स्थित पाकिस्तान उच्चायोग में तैनात एक पाकिस्तानी अधिकारी से जुड़े दो जासूसों को गिरफ्तार कर लिया गया है। खुफिया जानकारी के आधार पर एक संदिग्ध को भारतीय सेना की गतिविधियों के बारे में संवेदनशील जानकारी पाकिस्तान स्थित हैंडलर को लीक करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के दौरान किए गए खुलासे के आधार पर दूसरे आरोपी की पहचान की गई और उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया। डीजीपी बोले- आरोपी ऑनलाइन पैसे लेता था डीजीपी गौरव यादव ने कहा- प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी गोपनीय जानकारी के बदले ऑनलाइन लेनदेन के माध्यम से भुगतान प्राप्त कर रहे थे। वे हैंडलर के साथ लगातार संपर्क में थे और उसके निर्देशों के अनुसार अन्य स्थानीय युवकों के साथ मिलकर गतिविधियां नोट करते थे। आरोपियों से पुलिस ने दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। दोनों के खिलाफ देश विरोधी गतिविधि करने की एफआईआर दर्ज कर ली गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *