मल्हारगढ़ में सांसद खेल महोत्सव का आयोजन:664 खिलाड़ियों ने लिया भाग, पारंपरिक खेलों को मिला बढ़ावा

मंदसौर जिले के मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्र में शुक्रवार को सांसद खेल महोत्सव का आयोजन किया गया। शासकीय सांदीपनी विद्यालय, मल्हारगढ़ में हुए इस विधानसभा स्तरीय खेल महोत्सव में 664 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। महोत्सव में क्षेत्र के 13 संकुलों से चयनित कुल 64 टीमों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पारंपरिक एवं लोकप्रिय खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सुबह से शाम तलक सितोलिया, कबड्डी और खो-खो की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। खिलाड़ियों ने अनुशासन, टीम भावना और खेल कौशल का प्रदर्शन किया। इन मुकाबलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में छात्र, शिक्षक और स्थानीय नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल शारीरिक विकास के साथ-साथ अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और आपसी सहयोग की भावना को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने सांसद खेल महोत्सव को ग्रामीण और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का एक मंच बताया। इस आयोजन में मंदसौर जिले सहित मल्हारगढ़ विधानसभा से भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। प्रतियोगिता में विजेता बनी छह टीमें अब जिला स्तरीय प्रतियोगिता में मल्हारगढ़ विधानसभा का प्रतिनिधित्व करेंगी। शिक्षकों, खेल प्रशिक्षकों और आयोजन समिति ने इसे सफल बनाने में सराहनीय योगदान दिया। इस महोत्सव के माध्यम से क्षेत्र में खेल संस्कृति को नई दिशा मिली है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *