भास्कर न्यूज | डंडई प्रखंड मुख्यालय सहित विभिन्न क्षेत्रों में रमजान उल मुबारक के अलविदा जुम्मा की नमाज अदा की गई। प्रखंड मुख्यालय डंडई स्थित जामा मस्जिद में हाफिज गुलाम साबिर ने अलविदा जुम्मा की नमाज अदा कराई। वही रारो जामा मस्जिद में पेश इमाम मौलाना मुस्तकीम, जरही में हाफिज कयामुद्दीन, वालाझखड़ा में मुफ्ती कौशर रजा, तसरार में हमफीज अरशद ने अलविदा जुम्मा की नमाज अदा कराई। इधर रमजान के आखिरी जुम्मा को लेकर मुस्लिम समुदाय के लोगों में विशेष उत्साह देखा गया। सुबह से ही मुस्लिम समाज कि औरतें तिलावते कुरान में मशगूल रहीं तत्पश्चात साफ-सफाई के साथ घरों को सजाते देखे गए। जबकि छोटे-छोटे बच्चे से लेकर बड़े तक साफ सुथरे व नए नए कपड़े पहन, इत्र व खुशबू लगाकर मस्जिदों में अपनी जगह पक्की करते देखे गए। अलविदा जुम्मा को लेकर मस्जिदों में काफी भीड़ देखी गई। वही मस्जिद इंतजामियां कमेटी के द्वारा वजू का पानी, टेंट, जानमाज, ध्वनि विस्तारक यंत्र का बेहतर इंतजाम किया गया था। अलविदा जुम्मा के नमाज के अवसर पर उपस्थित नमाजियों को संबोधित करते हुए डंडई जामा मस्जिद में आलिम मुजीबुर रहमान ने कहा कि माहे रमज़ान के दौरान अलविदा जुम्मा का काफी महत्व है। इस महीने में रोजेदारों पर अल्लाह का खास करम रहता है। इधर, विभिन्न मस्जिद कमेटियों द्वारा रविवार कि शाम को चांद देखने के बारे में लोगों से अपील की गई।


