झारखंड विधानसभा चुनाव में महगामा से भाजपा का टिकट दिलाने के लिए राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश के दिल्ली स्थित आवास पर निरंजन कुमार सिन्हा और डॉ. विवेक कुमार के बीच 24 लाख रुपए में डील हुई थी। डॉ. विवेक सेंटर फॉर सोशियो इकोनॉमिक एंड पॉलिटिकल रिसर्च के कार्यकारी निदेशक हैं, जबकि निरंजन कुमार सिन्हा गोड्डा जिले के अमौर गांव के हैं। निरंजन की ओर से वकील के माध्यम से डॉ. विवेक को भेजे गए कानूनी नोटिस में यह खुलासा हुआ है। हालांकि निरंजन को न तो टिकट मिला और न ही पैसे वापस किए गए। नोटिस में कहा गया है कि निरंजन और विवेक की मुलाकात दीपक प्रकाश के आवास पर हुई। विवेक ने कहा कि वे अमित शाह और बीएल संतोष के लिए जीतने की संभावना वाले उम्मीदवार का सर्वे कर रहे हैं। वह उन्हें महगामा सीट से टिकट दिला सकते हैं। इसके लिए 24 लाख रुपए में सौदा तय हुआ। 12 लाख रुपए की पहली किस्त दीपक के आवास पर दी गई, जबकि शेष 12 लाख रुपए 12 अगस्त को रांची के डोरंडा स्थित खुखरी गेस्ट हाउस में निरंजन के बेटे ने विवेक को दी। टिकट न मिलने पर जब निरंजन ने पैसे वापस मांगे तो उनसे एक सप्ताह का समय मांगा गया। अब धमकी दी जा रही है। नोटिस में कहा गया है कि अगर 15 दिन के भीतर पैसे नहीं लौटाए गए तो कानूनी कार्रवाई करेंगे। डॉ. विवेक को भेजे गए नोटिस में ये हैं आरोप… पीड़ित और आरोपी से सीधी बात निरंजन ने मुझे कंसल्टेंट रखा था, मेरा ही 26 लाख रुपए बकाया है: विवेक आपने महगामा से भाजपा का टिकट दिलाने के लिए निरंजन सिन्हा से 24 लाख रुपए में डील किया था? -ऐसा कुछ नहीं है। उन्होंने मुझे कंसल्टेंट रखा था। 26 लाख रुपए में बात तय हुई थी। पेमेंट भी नहीं मिला। निरंजन ने आपको कंसल्टेंट रखा था, तो क्या कोई एग्रीमेंट हुआ था? -यह मौखिक था। अगर मौखिक भी था, तो उन्होंने आपको चेक दिया होगा या फिर आपके खाते में पैसे ट्रांसफर किए होंगे? -हम काम करते गए, हमें पैसे नहीं मिले। निरंजन का कहना है कि आपकी रिकॉर्डिंग उनके पास है, जिसमें आपने 24 लाख रुपए लेने की बात मानी थी? -उनसे मैंने हजारों बार बात की है। अब पता नहीं मैंने कब किस कॉल में क्या बात की थी। सांसद दीपक प्रकाश ने आपसे कहा था कि पैसे लौटा दें? -मैंने उनसे मिल कर सब बता दिया है। मैंने 24 लाख रु. दिए हैं, मेरे पास विवेक से बातचीत की रिकॉर्डिंग है : निरंजन आपने विवेक कुमार को 24 लाख रु. क्यों दिए? -सांसद दीपक प्रकाश के घर पर बड़े-बड़े नेताओं से संपर्कों का हवाला देते हुए डॉ. विवेक कुमार ने कहा था कि 24 लाख रुपए में वह टिकट दिला देंगे। इसलिए मैंने 12-12 लाख की दो किस्तों में रुपए दिए। आपके पास क्या प्रमाण है? -हमारे पास विवेक से बातचीत की कई रिकार्डिंग हैं, जिसमें उसने सारी बातें स्वीकार की हैं। विवेक का तो कहना है कि आपने उन्हें कंसल्टेंट रखा था, उनके ही 26 लाख रुपए आप पर बकाया हैं? -वे झूठ बोल रहे हैं। उनसे पूछें कि क्या उनके पास इसका कोई प्रमाण है? क्या कोई कागज मैंने बनाया है? आपके पास रिकॉर्डिंग है, क्या उसे आप हमें दे सकते हैं? -मैंने विवेक कुमार को प्लीडर नोटिस भिजवाया है। आपको रिकार्डिंग भी दे देंगे। मेरे आवास पर हुई थी मुलाकात, पर वहां कोई लेनदेन नहीं हुआ: दीपक प्रकाश मेरे आवास पर नेता-कार्यकर्ता आते रहते हैं। यह बात सही है कि निरंजन सिन्हा और विवेक कुमार की मुलाकात मेरे आवास पर हुई थी, पर मैं यह नहीं जानता कि इन दोनों में क्या बात हुई। निरंजन सिन्हा ने अगर विवेक कुमार को 24 लाख रुपए दिए हैं, तो इसके बारे में उन्होंने मुझे कुछ नहीं बताया है। अगर विवेक ने पैसे लिए हैं, तो उसे वापस लौटा देना चाहिए। इस विषय में मैंने विवेक को फोन कर कहा भी है कि वह निरंजन सिन्हा के पैसे लौटा दें। इस विषय से मेरा कोई वास्ता नहीं है। निरंजन साबित करें कि लेन-देन हमारे यहां हुआ है, नहीं तो हम कानूनी कार्रवाई करेंगे।


