महाकाल मंदिर उज्जैन पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल:दद्योदक आरती में हुए शामिल, सोमनाथ स्वाभिमान पर्व 2026 को लेकर किया ओंकार जप

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल शनिवार को उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे। यहां वे प्रातःकालीन दद्योदक आरती में शामिल हुए और भगवान महाकाल का विधिवत पूजन-अर्चन किया। इस दौरान सोमनाथ मंदिर में प्रस्तावित स्वाभिमान पर्व 2026 के तहत जन सहभागिता के साथ पूजा-आरती और ओंकार जप किया गया। सुबह करीब 7:45 बजे महाकाल मंदिर पहुंचे हेमंत खंडेलवाल ने नंदी हॉल में बैठकर भगवान महाकाल का जाप किया। उनके साथ विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, भाजपा शहर अध्यक्ष संजय अग्रवाल और मुकेश यादव भी पूजन में शामिल रहे। नंदी हॉल में पूजन के बाद खंडेलवाल ने देहरी से पुष्प, दूध और जल अर्पित किया, जिसे पुजारी द्वारा भगवान को समर्पित किया गया। दर्शन के बाद श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल का स्वागत एवं सत्कार किया। स्वाभिमान पर्व अभियान की शुरूआत महाकालेश्वर मंदिर से की पूजन के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि सोमनाथ मंदिर पर हुए हमले के एक हजार वर्ष पूरे होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2026 को स्वाभिमान पर्व के रूप में मनाने का आह्वान किया है। इसके तहत देशभर के मंदिरों में जन सहभागिता के साथ पूजा, आरती और ओंकार जप का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस अभियान की शुरुआत महाकाल मंदिर से की गई है। आज भगवान महाकाल का पूजन कर ‘ॐ नमः शिवाय’ का जाप किया गया और देश की सुख-समृद्धि के लिए आशीर्वाद मांगा गया है। खंडेलवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार से सोमनाथ हमले को लेकर विशेष अभियान की शुरुआत करेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *