श्री महाकालेश्वर मंदिर में शनि प्रदोष पर भगवान महाकाल ने शनिवार को उपवास रखा। प्रात: आरती में भगवान को केवल शक्कर और दूध का नैवेद्य अर्पित किया गया। वहीं संध्या पूजन के दौरान मंदिर के गर्भगृह में 11 ब्राह्मणों द्वारा रुद्रपाठ किया गया। इसके बाद भगवान को विभिन्न व्यंजनों का भोग लगाकर उपवास समाप्त किया गया। दिनभर रहा भगवान का उपवास संध्या काल में पुजारी पं. घनश्याम शर्मा के नेतृत्व में विशेष पूजा का आयोजन हुआ। संध्या आरती के दौरान भगवान का उपवास समाप्त हुआ और उन्हें दाल, चावल, रोटी, सब्जी सहित कई प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया गया। शनि प्रदोष के अवसर पर श्री महाकालेश्वर मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान महाकाल के दर्शन किए।


