राजस्थान के मेहंदीपुर बालाजी मंदिर (दौसा) से महाकुंभ के लिए खाद्य सामग्री और 10 हजार कंबल रवाना किए गए हैं। मेहंदीपुर बालाजी मंदिर ट्रस्ट की ओर से महाकुंभ अन्नक्षेत्र के लिए 100 टीन घी, 250 टीन तेल, 20 टन अनाज और 10 टन दाल सहित खाद्य सामग्री और कंबल भेजे गए हैं। यह सब प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) में विश्व हिंदू परिषद के माध्यम से महाकुंभ के अन्नक्षेत्र में वितरित किया जाएगा। मंदिर के महंत डॉ. नरेशपुरी महाराज की मौजूदगी में शुक्रवार को गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम, विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय मंत्री उमाशंकर शर्मा, विधायक विक्रम बंशीवाल ने केसरिया झंडी दिखाकर ट्रक को रवाना किया। 13 जनवरी से शुरू होगा सेवा शिविर महंत डॉ नरेशपुरी महाराज ने कहा- 144 साल बाद हो रहा पूर्ण महाकुंभ मेल धार्मिक आस्था का केन्द्र और संतों का समागम है। कहा जाता है कि जहां संतों का समागम होता है, वहीं तीर्थ है। सभी सनातन प्रेमियों को महाकुम्भ में अवश्य जाना चाहिए। वहां पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए बालाजी ट्रस्ट द्वारा सेवा शिविर लगाया जा रहा है। जिसमें सभी आवश्यक सुविधाओं के साथ लंगर आदि के बंदोबस्त किए गए हैं। वहीं राज्य सरकार द्वारा लगाए जा रहे शिविर में भी बालाजी ट्रस्ट द्वारा लंगर चलाया जाएगा। मंत्री बेढम और विधायक बंशीवाल ने की सराहना गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह ने कहा- सामाजिक सरोकार निभाने के क्रम में बालाजी ट्रस्ट हमेशा अग्रणी रहा है। महंत नरेशपुरी महाराज के सान्निध्य में महाकुम्भ अन्न क्षेत्र के लिए खाद्य सामग्री व 10 हजार कम्बल भेजें गए है। राज्य सरकार ने भी वहां बंदोबस्त किए हैं। सिकराय विधायक विक्रम बंशीवाल ने कहा- महाकुम्भ हिन्दू आस्था का सबसे बड़ा मेला है। जिसके लिए बालाजी मंदिर ट्रस्ट ने सरोकार निभाते हुए सुविधाएं कर रहा है। जिससे कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो। इस दौरान विश्व हिन्दू परिषद के क्षेत्रीय मंत्री सुरेश उपाध्याय, जयपुर प्रांत अध्यक्ष प्यारेलाल मीणा, विभाग मंत्री परमानंद शर्मा, जिलाध्यक्ष रूपेंद्र शर्मा, जिला मंत्री खेम सिंह एडवोकेट समेत कई प्रबुद्ध लोग मौजूद रहे। बालाजी मोड़ पर किया स्वागत गृह राज्य मंत्री का बालाजी मोड़ (दौसा) पर करौली भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्याम सिंह सिसोदिया, हुकम माल पाड़ला, भीम सिंह राजावत, एडवोकेट राजकुमार सिंह, सतीश गोयल, पूर्व मंडल अध्यक्ष रविना प्रेमराज समेत कई कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया।


