खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह उर्फ पन्नू की धमकी के बाद महाकुंभ में आए संतों में जबरदस्त आक्रोश है। महाकुंभ मेले के सेक्टर-16 में अयोध्या छावनी के जगतगुरु परमहंस दास जी महाराज के नेतृत्व में संतों ने आतंकी पन्नू का पोस्टर जलाया। उसके खिलाफ नारेबाजी की। स्वामी परमहंस दास ने कहा- अगर आतंकी पन्नू महाकुंभ में दिखा, तो उसको जमीन में दबा देंगे। 24 दिसंबर को खालिस्तानी आतंकी पन्नू ने महाकुंभ में हमले की धमकी दी थी। वहीं, बुधवार को प्रयागराज के महाकुंभ में बम ब्लास्ट करने की धमकी मिली है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर नसर पठान नाम की ID से धमकी दी गई है। इसमें लिखा है- ऑल ऑफ यू, तुम सब अपराधी हो। महाकुंभ में बम ब्लास्ट करेंगे। 1000 हिंदुओं को मारेंगे। 31 दिसंबर को विपिन गौर नाम के युवक ने पोस्ट को डायल-112 यूपी पुलिस को टैग करते हुए री-ट्वीट किया। स्क्रीन शॉट भी शेयर किया। इसके बाद पुलिस एक्टिव हुई। प्रयागराज पुलिस कमिश्नर और सुरक्षा एजेंसियों को जानकारी भेजी गई। पुलिस अब पोस्ट करने वाले शख्स को तलाश रही है। 13 जनवरी, 2025 से शुरू हो रहा महाकुंभ 26 फरवरी तक चलेगा। इसमें करीब 50 करोड़ लोगों के आने की उम्मीद है। धमकी देने वाले ने बायो में लिखा- मुस्लिम होने पर गर्व
धमकी भरी पोस्ट जिस ID से की गई, उसके बायो में लिखा है- मुझे मुस्लिम होने पर गर्व है। कट्टर मुस्लिम। पुलिस उस नंबर और ई-मेल की डिटेल ले रही है, जिससे ID बनाई गई है। मामले में लखनऊ के यूपी-112 मुख्यालय के ऑपरेशन कमांडर अरविंद कुमार नैन ने लेटर जारी किया। उन्होंने पुलिस महानिदेशक अभिसूचना (लखनऊ), अपर पुलिस महानिदेशक कानून एवं व्यवस्था (लखनऊ), अपर पुलिस महानिदेशक सुरक्षा (लखनऊ), अपर पुलिस महानिदेशक ATS (लखनऊ) और SSP कुंभ को लेटर भेजा है। पन्नू की तरफ से मिली धमकी को पढ़िए… इससे पहले, खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने पीलीभीत में 3 खालिस्तानियों के एनकाउंटर का बदला लेने की धमकी दी थी। वीडियो जारी कर कहा था- महाकुंभ को हिंदू आतंकवाद का आखिरी महाकुंभ कर देंगे। वीडियो में वह पीलीभीत में मारे गए खालिस्तानी आतंकियों को निर्दोष बता रहा। मृतकों के परिजन को 5-5 लाख की मदद के साथ ही अलग खालिस्तान बनाने का भी राग अलाप रहा। अब महाकुंभ की सुरक्षा को भी जानें
प्रयागराज महाकुंभ की औपचारिक शुरुआत 13 जनवरी, 2025 से होगी। पूरा मेला 4 हजार हेक्टेयर (15,840 बीघा) में बस रहा। पहली बार 13 किलोमीटर लंबा रिवर फ्रंट बन रहा है। कुंभ के इस मेले में सुरक्षा पर विशेष फोकस किया गया है। पूरे मेले को 25 सेक्टर में बांटा गया है। इसी आधार पर कुल 56 थाने और 144 चौकियां बनाई गई हैं। इसमें 18479 पुरुष पुलिसकर्मी, 1378 महिला पुलिसकर्मी और 1405 ट्रैफिक पुलिस वाले तैनात होंगे। सशस्त्र पुलिसकर्मियों की संख्या 1158 होगी। मेले में 146 घुड़सवार पुलिसकर्मी भी होंगे। 340 जल पुलिस कर्मी संगम और आसपास के घाट पर तैनात रहेंगे। 13,965 होम गार्ड्स की भी तैनाती होगी। मेले में किसी तरह की अराजकता या फिर साजिश को नाकाम करने के लिए LIU के 510 जवानों की तैनाती होगी। 2013 के महाकुंभ में 22,998 पुलिसकर्मियों की तैनाती थी। 2019 के अर्ध कुंभ में 27,550 पुलिसकर्मी तैनात थे। ……………………. ये खबर भी पढ़ें : अखिलेश महाकुंभ में डुबकी लगाएं, निगेटिविटी धुल जाएगी, प्रयागराज में मुख्तार अब्बास नकवी बोले- उन्हें हर काम में कमी दिखती है पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा- अखिलेश यादव महाकुंभ में एक बार डुबकी लगा लें तो उनकी सारी निगेटिविटी धुल जाएगी। जिनकी मानसिकता में ही निगेटिविटी भरी हो, उन लोगों को हर काम में कमी दिखाई देती है। इससे वह समाज में भ्रम और भय पैदा करते हैं। पढ़िए पूरी खबर…


