सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में महाठग शिवा साहू मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। रायकोना के रहने वाले भागवत साहू को हिरासत में लेकर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पैसे डबल का झांसा देकर ठगी मामले में अब तक 13 आरोपी पकड़ाए है। मामला सरसीवां थाना क्षेत्र का है। प्रभारी राजेश चंद्रवंशी के मुताबिक, पीड़ित गिरवर निराला की 26 लाख रुपए की ठगी की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई। इससे पहले भी आरोपी को सौरभ अग्रवाल नामक एक अन्य पीड़ित की शिकायत पर जेल भेजा जा चुका है। शिवा साहू और उनके साथियों के खिलाफ सरसीवां थाने में दो अलग-अलग मामले दर्ज हैं। हाल ही में, करीब 10 पीड़ितों ने SP ऑफिस पहुंचकर शिवा साहू और उनके साथियों पर एक करोड़ रुपए की धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। सरसीवां पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। कई पीड़ित अभी भी न्याय का इंतजार कर रहे हैं। ये है पूरा मामला सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के रायकोना के रहने वाले शिवा साहू (23 साल) ने पैसे डबल करने का झांसा देकर लोगों से ठगी की। शिवा ने लोगों से वादा किया था कि महीने में 30 फीसदी ब्याज देंगे। साथ ही रुपए को आठ महीने में डबल कर देंगे। इस नाम पर चार लोगों से दो करोड़ रुपए लिए। पुलिस ने शिवा को पूछताछ के लिए बुलाया। इसके बाद थाने में सैकड़ों लोग पहुंच गए और शिवा के पक्ष में नारेबाजी करते हुए अपने साथ ले गए। वहीं, एसपी पुष्कर शर्मा के नेतृत्व में सरसीवां पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी करना शुरू किया। शुरुआत में चार आरोपी पकड़ाए और शिवा साहू लंबे समय से फरार हो गया था। धीरे-धीरे कर शिवा साहू भी पुलिस के गिरफ्त में आया और उनके साथी भी गिरफ्तार हुए। अब तक 13 आरोपी पकड़ाए पुलिस ने शिवा साहू के लग्जरी गाड़ियों के साथ कई शहरों में बनाए गए शीश महल और जमीन के कागजात भी जब्त किया। जिसकी कीमत 13 करोड़ से अधिक थी। थाना प्रभारी राजेश चंद्रवंशी ने बताया कि उक्त मामले में अब तक 13 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और अभी भी मामले की जांच की जा रही है।


