महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर खुली रही शराब दुकानें, राज्यपाल के नाम कांग्रेसियों का ज्ञापन

भास्कर न्यूज | रायगढ़ महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर शुष्क दिवस घोषित नहीं किए जाने को लेकर कांग्रेसियों ने शुक्रवार को शराब दुकान के सामने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल के नाम डिप्टी कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर सरकार के निर्णय पर आपत्ति जताई। कांग्रेस नेताओं ने ज्ञापन में कहा कि आजादी के बाद से महात्मा गांधी की पुण्यतिथि 30 जनवरी को शुष्क दिवस के रूप में मनाया जाता रहा है। इस दिन शराब बिक्री सहित मांस और अन्य नशीले पदार्थों की दुकानों को पूरी तरह बंद रखा जाता था, लेकिन वर्तमान भाजपा सरकार ने शराब से राजस्व आय की मंशा से इस परंपरा को तोड़ दिया है, जो राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का अपमान है। शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता महात्मा गांधी चौक पहुंचे, जहां उन्होंने गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद सभी कार्यकर्ता सिग्नल चौक स्थित शराब दुकान के सामने पहुंचे और नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि भाजपा सरकार शराब से कमाई के लिए महात्मा गांधी के शहादत दिवस का भी सम्मान नहीं कर रही है। उन्होंने इस निर्णय को निंदनीय बताते हुए राज्यपाल से मांग की कि महात्मा गांधी की पुण्यतिथि को शुष्क दिवस घोषित कर शराब बिक्री और अन्य गलत गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाने के निर्देश सरकार को दिए जाएं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *