महात्मा गांधी की मूर्ति के नीचे उपवास रखेगी कांग्रेस:मनरेगा बचाओ आंदोलन के तहत सुबह 9 से शाम 5 बजे तक चलेगा प्रदर्शन

छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने आज मनरेगा बचाओ संग्राम अभियान के तहत विरोध का ऐलान किया है। शहर और ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ता सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक गांधी की मूर्ति के पास उपवास पर बैठेंगे। कांग्रेस का कहना है कि यह विरोध केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा में किए गए संशोधनों और ग्रामीण मजदूरों के अधिकारों पर हमला करने के खिलाफ है। मनरेगा को लेकर हुई प्रेस कांफ्रेस में पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार सुनियोजित तरीके से मनरेगा को कमजोर कर रही है और मनरेगा से महात्मा गांधी का नाम हटाना न केवल राष्ट्रपिता का अपमान है, बल्कि ग्रामीण गरीबों, मजदूरों और किसानों के अधिकारों पर भी सीधा हमला है। देश के करोड़ों ग्रामीण परिवारों के लिए रोजगार की गारंटी, न्यूनतम मजदूरी और सम्मानजनक जीवन का आधार है, लेकिन केंद्र सरकार की नई योजनाएं इसकी मूल भावना को समाप्त करने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने वीबीजी रामजी योजना का जिक्र करते हुए कहा कि यह योजना मनरेगा के संवैधानिक अधिकारों को खत्म कर, ठेकेदारी व्यवस्था और मनमानी को बढ़ावा देगी। ताम्रध्वज साहू ने भाजपा सरकार पर यह भी आरोप लगाया कि मनरेगा के बजट में लगातार कटौती की जा रही है, मजदूरी भुगतान में देरी हो रही है और राज्यों पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ डाला जा रहा है। उनका कहना था कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर घट रहे हैं और यह गरीब विरोधी और मजदूर विरोधी नीति कांग्रेस कभी स्वीकार नहीं करेगी। पूर्व मंत्री ने साफ किया कि कांग्रेस पार्टी मनरेगा को कमजोर करने के हर प्रयास का सड़कों से लेकर संसद तक विरोध करेगी। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि मनरेगा से महात्मा गांधी का नाम हटाने का निर्णय तुरंत वापस लिया जाए, योजना में किए गए सभी जनविरोधी बदलाव रद्द किए जाएं और ग्रामीण मजदूरों के काम और मजदूरी की पूरी गारंटी सुनिश्चित की जाए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने जिला, ब्लॉक और नगर संगठनों को निर्देश दिए हैं कि वे उपवास और ग्राम सभाओं में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। कांग्रेस का कहना है कि आंदोलन शांतिपूर्ण होगा, लेकिन मनरेगा को कमजोर करने की किसी भी कोशिश को पार्टी गांव से लेकर संसद तक विरोध करेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *