महात्मा गांधी के बताए मार्ग पर चलने का लिया संकल्प:पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की, प्रशासनिक-न्यायिक अधिकारियों ने किया नमन

करौली में महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर प्रशासनिक, न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों और अधिवक्ताओं ने राष्ट्रपिता को नमन किया और उनके सत्य व अहिंसा के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। जिले में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धांजलि सभाएं हुईं। जिला कलेक्टर ने गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर, करौली में स्थापित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान रामधुन और गांधीजी के प्रिय भजनों का भी आयोजन किया गया। न्यायिक कर्मचारियों ने भी गांधीजी को श्रद्धांजलि अर्पित की। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण परिसर में जिला एवं सत्र न्यायाधीश के नेतृत्व में एक श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें न्याय विभाग के अधिकारी, कर्मचारी और अधिवक्ता मौजूद रहे। उपस्थित सभी लोगों ने गांधीजी के चित्र पर पुष्प अर्पित किए और दो मिनट का मौन रखकर उन्हें याद किया। वक्ताओं ने गांधीजी के विचारों को स्मरण करते हुए कहा कि उनका जीवन सत्य, अहिंसा और नैतिक मूल्यों का प्रतीक है, जो आज भी समाज को सही दिशा दिखाते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने महात्मा गांधी के बताए मार्ग पर चलने और सत्य तथा अहिंसा के सिद्धांतों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *