महादेव की भक्ति में लीन शहर, भक्तों ने व्रत रख किया रुद्राभिषेक

रविवार को महाशिवरात्रि पर मंदिरों में पूजा सामग्री लेकर पहुंचे भक्त बाबा भोले नाथ को जलाभिषेक करने को लालायित रहे। भक्तों की पूजा सुबह से लेकर रात 12 बजे तक निरंतर जारी रही। शिव पूजा करने को बच्चे हो या फिर बूढ़ा, जवान या महिलाएं सभी कच्ची लस्सी लेकर शिवालयों में पहुंचे। भक्तों ने भोले नाथ से परिवार की सुख शांति की मनोकामना की। शहर के करीब सभी शिवालयों में भक्त बाबा भोले नाथ के भक्त पूजा करते रहे। इसी दौरान कई मंदिरों में हवन यज्ञ करके उसमें आहुतियां डाली। रानी का बाग प्राचीन शिवाला मंदिर में बाबा भोले नाथ को फूलों से सजाया। जबकि राम तीर्थ स्थित मंदिर में 15 फिट के शिवलिंग की पूजा करने भक्तजन पहुंचे। भक्तों ने बाबा भोले का आशीर्वाद लिया। इसी तरह रानी का बाग माता लाल देवी मंदिर, हाउसिंग बोर्ड कालोनी मंदिर, पिशोरी नगर श्री सनातन धर्म शिव मंदिर, श्री डूंगा शिवाला मंदिर, शिवाला शिव गंगा मंदिर, बड़ा श्री हनुमान मंदिर परिसर शिवाला मंदिर, श्री सनातन धर्म पंजाब महावीर दल श्री हनुमान मंदिर समेत अन्य मंदिरों में बाबा भोले नाथ की पूजा अर्चना करने भक्त पहुंचे। भक्तों ने बाबा पर फल चढ़ाकर प्रसाद ग्रहण किया। इसी दौरान कई भक्तों ने बाबा भोले का निराहार व्रत रखकर तीन पहर की पूजा अर्चना की। इससे सारा शहर शिवमय हो गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *