महारानी कॉलेज में बना अंतरराष्ट्रीय स्तर का बास्केटबॉल कोर्ट:500 दर्शकों की क्षमता वाले सिंथेटिक कोर्ट का खेल राज्य मंत्री ने किया उद्घाटन, 40 खेलों में भाग लेती हैं छात्राएं

जयपुर के महारानी महाविद्यालय में छात्राओं के लिए नए अवसरों का द्वार खुल गया है। राजस्थान के खेल एवं युवा मामलात राज्य मंत्री के.के. विश्नोई ने सोमवार को अंतरराष्ट्रीय मापदंडों के अनुरूप बने नए सिंथेटिक बास्केटबॉल कोर्ट का उद्घाटन किया। इस अवसर पर राजस्थान विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. अल्पना कटेजा भी मौजूद रहीं। महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. पायल लोढा के नेतृत्व में निर्मित इस कोर्ट में लगभग 500 खिलाड़ियों और दर्शकों के बैठने की व्यवस्था है। खेल अधिकारी डॉ. प्रीति शर्मा ने बताया कि यहां दिन-रात राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताएं आयोजित की जा सकेंगी। कुलपति प्रो. कटेजा ने बताया कि इसी वर्ष विश्वविद्यालय के दो खिलाड़ी महावीर और हैरी ने एशियन गेम्स में बास्केटबॉल में प्रतिनिधित्व किया। खेलो इंडिया 2024 में राजस्थान विश्वविद्यालय ने 65 खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के साथ भाग लिया, जहां शूटिंग, बॉक्सिंग और रेसलिंग में कई पदक जीते। प्राचार्या लोढा ने बताया कि महाविद्यालय की छात्राएं बास्केटबॉल, हैंडबॉल, खो-खो, कबड्डी, शूटिंग और आर्चरी सहित 40 विभिन्न खेलों में भाग लेती हैं। मंत्री विश्नोई ने महाविद्यालय में और अधिक खेल सुविधाएं बढ़ाने का आश्वासन दिया और उम्मीद जताई कि छात्राएं पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी राज्य और देश का नाम रोशन करेंगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *