झुंझुनूं में महाराष्ट्र पुलिस की कार्रवाई में एमडी ड्रग फैक्ट्री का खुलासा होने के बाद पुलिस प्रशासन एक्टिव है। गुरुवार को मंड्रेला रोड स्थित मुख्यमंत्री जनआवास योजना परिसर में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। तलाशी के दौरान शराब की खाली बोतलें मिली। टीम में हथियारबंद जवानों के साथ महिला पुलिसकर्मी भी शामिल रहीं। बता दें, हाल ही में महाराष्ट्र पुलिस ने धनूरी थाना क्षेत्र में अवैध एमडी ड्रग फैक्ट्री पकड़ी थी। कार्रवाई के बाद स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हुए थे। अब जिले के सुनसान इलाकों पर विशेष नजर रखी जा रही है। 1600 फ्लैट बने, लेकिन अब तक नहीं मिला कब्जा कोतवाली थानाधिकारी श्रवण कुमार नील ने बताया- परिसर में करीब 1600 फ्लैट्स बनकर तैयार हैं। आवंटन की प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है, लेकिन अब तक पट्टाधारकों को फ्लैट की चाबियां नहीं सौंपी गई हैं। सुरक्षा गार्ड और देखरेख की कोई व्यवस्था नहीं होने के कारण पूरा परिसर सुनसान पड़ा है, जिससे असामाजिक तत्वों को यहां जमावड़ा लगाने का मौका मिल रहा है। तलाशी में मिली शराब की बोतलें सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस को परिसर के अलग-अलग हिस्सों से शराब की खाली बोतलें और नशीले पदार्थों के सेवन से जुड़े अवशेष मिले। जांच में सामने आया कि रात के समय यहां असामाजिक तत्वों की आवाजाही बनी रहती है। कोतवाली थानाधिकारी श्रवण कुमार नील ने बताया- एसपी बृजेश ज्योति उपाध्याय के निर्देश पर संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए यह अभियान चलाया गया है। — संबंधित ये खबर भी पढ़ें … दाऊद के गुर्गे ने बताई थी राजस्थानी तस्करों की लोकेशन:मुंबई के माफिया कर रहे थे फंडिंग; झुंझुनूं की ड्रग्स फैक्ट्री का D कंपनी से कनेक्शन झुंझुनूं में पकड़ी गई ड्रग फैक्ट्री में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। फैक्ट्री का असली मास्टरमाइंड पूर्व सरपंच का भतीजा नहीं बल्कि मुंबई-गुजरात में बैठा ड्रग्स माफिया है। (पूरी खबर पढ़ें)


