कोरबा | महाशिवरात्रि महोत्सव में अब मात्र 2 दिन शेष है। ऐसे में शिवालयों में तैयारियों को मूर्तरूप दिया जा रहा है। जिले का खास आकर्षण रहने वाला पाली का प्राचीन महादेव मंदिर है। जहां इस बार विविध अनुष्ठान होंगे और भोलेनाथ की बारात भी निकाली जाएगी। नौकोन्हिया तालाब के तट पर स्थित शिव मंदिर परिसर में गायत्री यज्ञ, महाशिवपूजन एवं विभिन्न संस्कार किए जाएंगे। जिसमें संसार की लौकिक सुख समृद्धि को बढ़ाने की विज्ञान सम्मत परंपरा निहित है। जहां देव शक्तियों के आह्वान, पूजन का मंगलमय समावेश रहेगा। 15 फरवरी को सुबह 10 बजे से कार्यक्रम शुरु होगा। शिव चर्चा परिवार द्वारा शिव मंदिर परिसर में पूजा अभिषेक, कथा, मुंडन, हवन पूजन आदि कार्यक्रम कराए जाएंगे। मंदिर परिसर में ही युवा डडसेना कलार समाज के द्वारा विशाल भंडारा, शिव भक्तों के द्वारा खीर पूड़ी, हलवा, फल, आदि का प्रसाद बांटा जाएगा। नौकोन्हिया तालाब होगा 21 हजार दीपों से रोशन पुरातन शिव मंदिर और नौकोन्हिया तालाब को एक बार फिर 21000 दीपों से रौशन किया जाएगा। नगर पंचायत पाली के नेतृत्व में धार्मिक संगठनों, युवा, स्वयं सेवी संगठनों, महिला समूहों के सहयोग से 15 फरवरी को शाम 6:00 बजे मंदिर घाट पर शिव महाआरती होगी। इसके बाद 21000 दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।


