कोडरमा के प्रसिद्ध तीर्थस्थल ध्वजाधारी धाम में महाशिवरात्रि के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई। सुबह से ही मंदिर में भक्तों का तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जल, बेलपत्र, फूल और नारियल चढ़ाकर बाबा की पूजा की। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने भी कार्यकर्ताओं के साथ ध्वजाधारी धाम में पूजा-अर्चना की। उन्होंने देशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। मंत्री ने कहा कि ध्वजाधारी धाम के प्रति लोगों में अनूठी श्रद्धा है। भक्त 777 सीढ़ियां चढ़कर बाबा का जलाभिषेक करते हैं। इस अवसर पर दो दिवसीय मेला महोत्सव का आयोजन किया गया। महामंडलेश्वर सुखदेव महाराज ने नारियल फोड़कर और फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में विधायक डॉ. नीरा यादव, जिला परिषद अध्यक्ष रामधन यादव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। एसडीओ रिया सिंह के नेतृत्व में जिला प्रशासन और पुलिस की टीम तैनात है। श्रद्धालुओं की सहायता के लिए एक हेल्प डेस्क भी स्थापित किया गया है। पूरा क्षेत्र हर-हर महादेव के जयकारों से गुंजायमान रहा।


