भास्कर न्यूज | अंबिकापुर श्री शिवशंकर कीर्तन मंडली केदारपुर द्वारा महाशिवरात्रि पर भगवान शिव की ऐतिहासिक बारात निकालने की तैयारी जोरों पर है। पिछले 45 वर्षों से शिव मंदिर सहेली गली केदारपुर से हर साल यह बारात निकाली जाती रही है। बारात प्रभारी भोला नाथ विश्वकर्मा और संजय मिश्रा ने बताया कि सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। बुधवार 26 फरवरी को दोपहर 2 बजे शिव बारात गौरी मंदिर के लिए प्रस्थान करेगी। हर साल बारात में शामिल होने वाले भक्तों की संख्या बढ़ रही है। इसे देखते हुए सभी कार्यक्रम तय कर लिए गए हैं, ताकि यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो और लोगों को किसी परेशानी का सामना न करना पड़े। इस संबंध में 24 फरवरी को जिला पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक हुई। इसमें यातायात और अन्य व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। पुलिस प्रशासन को बारात मार्ग की जानकारी दी गई। बारात ढोल-नगाड़ों, बम-पटाखों के साथ प्रतापपुर नाका से निकलेगी। अलग-अलग स्थानों पर भूत-प्रेत, चुड़ैल, नाग, गंधर्व और किन्नर बारात का स्वागत करेंगे। बारात पूर्व निर्धारित मार्ग से होते हुए गौरी मंदिर पुलिस लाइन पहुंचेगी। यहां रात में शुभ विवाह संपन्न होगा।


