नगर से लगभग तीन किलोमीटर दूर ग्राम तुमड़ीपार में महाशिवरात्रि मेले के दौरान चाकूबाजी की घटना सामने आई है। आपसी विवाद में एक युवक ने दूसरे युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमला इतना गंभीर था कि घायल की अतड़ी बाहर आ गई। ग्रामीणों की मदद से उसे पहले साजा ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद निजी अस्पताल में इलाज जारी है। घायल बलराम साहू की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में ग्राम मासुलगोंदी निवासी करन साहू को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 109 के तहत गैर इरादतन हत्या का अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। घटना के बाद से देवकर तहसील अंतर्गत परपोड़ी क्षेत्र में लगातार आपराधिक घटनाओं से कानून व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बैठकों और समीक्षा के बावजूद जमीनी स्तर पर प्रभावी नियंत्रण नजर नहीं आ रहा। क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री के बढ़ते कारोबार भी अपराध का कारण है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव-गांव में अवैध रूप से शराब की आपूर्ति हो रही है, जिससे हिंसक घटनाएं बढ़ रही हैं। परिक्षेत्र साहू संघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया साहू ने कहा कि घटना की सूचना मिलते ही सभी थाने पहुंचे। नशे की हालत में आरोपी ने चाकू मारा है। क्षेत्र में कानून व्यवस्था से लगातार खिलवाड़ किया जा रहा है। थाना प्रभारी सत्यप्रकाश उपाध्याय ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर अपराध दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।


