छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में स्थित शिशुपाल पर्वत से एक अज्ञात युवती की लाश मिली है। लाश करीब 15 दिन पुरानी है। युवती के शरीर पर चोट के निशान हैं और हाथ-पैर की हड्डियां टूटी हुई हैं। रविवार सुबह सड़न की बदबू आने पर ग्रामीणों ने लाश की जानकारी कोटवार को दी। कोटवार ने बलौदा थाना प्रभारी को सूचित किया। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। रायपुर मेडिकल कॉलेज में होगा पोस्टमार्टम थाना प्रभारी उत्तम तिवारी के अनुसार, लाश करीब 15 दिन पुरानी है। इसलिए इसे पोस्टमार्टम के लिए रायपुर मेडिकल कॉलेज भेजी जा रही है। पुलिस आसपास के थानों में दर्ज मिसिंग रिपोर्ट की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि अभी तक मृतक महिला की पहचान नहीं हो पाई है। जांच में यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह आत्महत्या का मामला है या हत्या का है। पुलिस इस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। आसपास के क्षेत्रों में लापता महिलाओं की जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। यहां सेल्फी लेने के दौरान हो चुकी 2-3 लोगों की मौत महासमुंद जिला मुख्यालय से 140 किलोमीटर दूर स्थित शिशुपाल पर्वत की ऊंचाई 1200 फीट है। यह पर्यटन स्थल है। इससे पहले भी यहां सेल्फी लेने के दौरान 2-3 लोगों की मौत हो चुकी है। पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है।


