छत्तीसगढ़ के महासमुंद नगर पालिका चुनाव में कांग्रेस के युवा नेता निखिलकांत साहू ने जीत हासिल की है। उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा को 3 हजार 554 वोटों से पराजित किया है। डॉ. चोपड़ा पहले दो बार नगर पालिका अध्यक्ष रह चुके हैं। बता दें कि इस चुनाव में कुल 5 प्रत्याशी मैदान में थे, जिसमें कांग्रेस से निखिलकांत साहू, भाजपा से डॉ. विमल चोपड़ा, आम आदमी पार्टी से पंकज साहू के अलावा दो निर्दलीय उम्मीदवार – पूर्व नपाध्यक्ष प्रकाश चंद्राकर और राशि महिलांग शामिल थे। मतदाताओं ने भाजपा और कांग्रेस से बागी होकर चुनाव लड़ रहे दोनों पूर्व नगर पालिका अध्यक्षों को भी नकार दिया। 30 वार्डों वाली महासमुंद नगर पालिका में पार्षद चुनाव के नतीजों में भाजपा ने 16, कांग्रेस ने 8 और निर्दलीय उम्मीदवारों ने 6 सीटें जीती हैं। महासमुंद जिले के कुल 6 नगरीय निकायों (3 नगर पालिका और 3 नगर पंचायत) के चुनाव परिणामों में यह सबसे चौंकाने वाला नतीजा रहा है।


