छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में तुमगांव नगर पंचायत अध्यक्ष बलरामकांत साहू को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। एक महिला की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने आज सुबह 5 बजे उनके घर से गिरफ्तारी की। अध्यक्ष के खिलाफ रायपुर की एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने उन पर धमकी देने, अश्लील गाली-गलौज करने और महिला से संबंध बनाने का प्रस्ताव करने जैसे आरोपों में मामला दर्ज किया है।गिरफ्तारी की खबर फैलते ही सैकड़ों समर्थक थाने पहुंच गए। उन्होंने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। समर्थकों और पुलिस के बीच तीखी बहस हुई। समर्थकों का कहना है कि एक देह व्यापार में शामिल महिला की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई है। करीब दो घंटे तक चले विरोध के बाद समर्थक वापस लौट गए। इसके बाद नगर पंचायत क्षेत्र के व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद कर दिए गए। तुमगांव थाने में दी थी लिखित शिकायत शुक्रवार को नगर पंचायत अध्यक्ष बलरामकांत साहू और उनके पार्षदगणों ने तुमगांव थाना में एक लिखित शिकायत दी थी, जिसमें संत इलेक्ट्रॉनिक दुकान के पास चल रहे देह व्यापार और अवैध शराब के कारोबार को बंद करने की मांग की गई थी। शिकायत के 24 घंटे बाद, बलरामकांत साहू को महिला से छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। बलरामकांत साहू की पत्नी राधा साहू का आरोप है कि भाजपा पार्टी उनके पति को फंसा रही है। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष येतराम साहू ने इसे जांच का विषय बताया है, लेकिन फंसाने का आरोप निराधार बताया। भाजपा से बगावत कर निर्दलीय चुनाव लड़े थे एसपी आशुतोष सिंह ने कहा कि बलरामकांत साहू को महिला से छेड़छाड़ के मामले में पूछताछ के लिए लाया गया है और FIR दर्ज की गई है। बता दें कि बलरामकांत साहू पहले भाजपा से बगावत कर निर्दलीय चुनाव लड़े थे और हाल ही में नगर पंचायत अध्यक्ष बने थे। चुनाव के दौरान पुलिस ने उनके घर पर छापे मारे थे, लेकिन वह गिरफ्तारी से बच गए थे।


