इंदौर के एरोड्रम में बुधवार रात महिला कॉन्स्टेबल प्रिया यादव ने आत्महत्या कर ली। वह ट्रैफिक पुलिसकर्मी कविंद्र यादव के साथ लिव-इन में रह रही थी। गुरुवार को परिवार के सदस्यों के नहीं आने के कारण पोस्टमार्टम नहीं हो सका था। शुक्रवार शाम तक भी पुलिस परिजनों का इंतजार करती रही, जिसके चलते दूसरे दिन भी प्रिया का पोस्टमार्टम नहीं हो पाया। एरोड्रम पुलिस ने महिला कांस्टेबल प्रिया यादव, पत्नी अमित कुमार राय, का शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल में रखवाया था। एरोड्रम पुलिस ने उसके परिवार को तारापुर, मुंगेर, बिहार में सूचना दी थी। उन्होंने शुक्रवार को इंदौर आने की बात कही थी, लेकिन शुक्रवार को भी परिवार का कोई सदस्य अस्पताल नहीं पहुंचा। डॉक्टरों ने भी थाने में प्रिया के बारे में जानकारी मांगी, लेकिन परिवार के आने को लेकर कोई जानकारी नहीं मिल पाई। इधर, पुलिस ने इस मामले में अभी तक कविंद्र के बयान नहीं लिए हैं। कविंद्र ने ही बुधवार देर रात थाने में आत्महत्या की सूचना दी थी। उसने अपने शुरुआती बयान में बताया था कि वह प्रिया के साथ तीन साल से लिव-इन में रह रहा है। दोनों एक-दूसरे को पसंद करते थे और शादी करना चाहते थे। बुधवार को खाना खाने के बाद वह टहलने निकला था। इस दौरान प्रिया ने फांसी लगा ली। पुलिस ने मामला जांच में लिया है।


