महिला की जहरीला पदार्थ खाने से मौत:पिता बोले-ससुराल वालों ने जबरन जहर देकर मारा, पति शराब पीकर करता था मारपीट

भरतपुर के सेवर थाना इलाके में एक महिला ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। जैसे ही महिला को उसके ससुराल वालों ने देखा तो, वह उसे आरबीएम अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन, डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के पिता ने महिला के ससुराल वालों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। हरी सिंह निवासी निबेहरा थाना रुदावल ने बताया की उसने अपनी बेटी शशि (28) की शादी सेवर थाना इलाके में मलाह के रहने वाले सूरज कुमार से 2017 में करवाई थी। शादी के बाद से सूरज कुशवाहा शशि के साथ मारपीट करता था। सूरज के परिजन शशि से दहेज लाने की मांग करते थे। जब शशि अपने पति और ससुराल वालों का विरोध करती तो, वह उसके साथ मारपीट करते। शशि और सूरज के पास एक बेटा और एक बेटी है। कल भी शशि के ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट की और जबरन जहरीला पदार्थ देकर उसकी हत्या कर दी। जिसकी शिकायत हमने सेवर थाना पुलिस को दे दी है। सेवर थाना अधिकारी धर्म सिंह ने बताया की शशि की कल देर शाम जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। जब उसके परिजन उसे अस्पताल लेकर आ रहे थे तो, उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। रात होने के कारण कल शशि के शव का पोस्टमॉर्टम नहीं करवाया जा सका। रात को शशि के शव को आरबीएम अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया गया था। आज सुबह मेडिकल बोर्ड से शशि के शव का पोस्टमॉर्टम करवाया जा रहा है। शशि के पिता ने FIR देते हुए बताया है कि उसके ससुराल वालों ने मेरी बेटी को जहर देकर उसकी हत्या की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *