धौलपुर जिले के मनियां थाना क्षेत्र स्थित कासगंज गांव में एक महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। महिला की मौत होने के बाद ससुराल पक्ष के लोगों ने बिना पीहर पक्ष को बताए उसका दाह संस्कार कर दिया। मुखबिर द्वारा हत्या किए जाने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। भरतपुर से एफएसएल बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज शर्मा, सीओ मनियां राजेश शर्मा और थाना प्रभारी नरेश शर्मा मौके पर पहुंचे, जहां महिला की मौत को लेकर जांच की जा रही है। मनियां थाना प्रभारी नरेश शर्मा ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि महिला मंतेश (26) की हत्या कर उसके शव का दाह संस्कार कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि सोने का गुर्जा थाना क्षेत्र के गोलीपुरा गांव की रहने वाली महिला मंतेश की शादी साल 2014 में कासगंज गांव के देवू के साथ हुई थी। जिसके तीन बच्चे हैं। महिला की हत्या किए जाने की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी ने बताया कि महिला का गुपचुप दाह संस्कार कर दिया गया था। जिसकी हत्या की जानकारी सामने आने के बाद भरतपुर से एफएसएल टीम बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं। उन्होंने बताया कि महिला के पीहर पक्ष को भी सूचना दी गई है। जिनके आने के बाद मामले की जानकारी सामने आएगी।


