जयपुर में महिला के पेट से 6 किलोग्राम वजन का बालों का गुच्छा ऑपरेशन करके निकाला गया। यह ऑपरेशन गवर्नमेंट पं. दीनदयाल उपाध्याय हॉस्पिटल (गणगौरी) में दूरबीन के जरिए किया गया। डॉक्टरों का दावा है कि इतना बड़ा बालों का गुच्छा अमूमन सामान्य सर्जरी (चीरा लगाकर) से ही निकाला जाता है। राज्य में यह पहला केस है, जब इतना बड़ा बालों का गुच्छा दूरबीन की मदद से निकाला गया। हॉस्पिटल अधीक्षक डॉ. लीनेश्वर हर्षवर्धन ने बताया- 36 साल की महिला जयपुर की रहने वाली है। यह महिला 16 सितंबर को पेट दर्द की शिकायत लेकर हॉस्पिटल की ओपीडी में पहुंची थी। सर्जन डॉक्टर मुकेश शर्मा ने जब देखा तो महिला का पेट फूल रहा था। उसका खाना-पीना लगभग बंद हो गया था। ढाई घंटे चला ऑपरेशन
डॉक्टर मुकेश शर्मा ने बताया- महिला की सोनोग्राफी करवाई तो उसमें कुछ नहीं आया। जब सीटी स्कैन करवाया तो उसमें आंत के पास कुछ सस्पेक्ट दिखा। हमने एंडोस्कोपी कैमरा डालकर पेट की जांच की तो उसमें बालों का गुच्छा दिखा। इसे 20 सितंबर को ऑपरेशन करके निकाला गया। ऑपरेशन ढाई घंटे तक चला। ऑपरेशन में डॉक्टर मुकेश शर्मा के साथ डॉ. संजय, डॉ. कमलेश, डॉ. विरेंद्र, डॉ. शहादत अली, डॉ. लुकमान, एनेस्थिसिया डिपार्टमेंट से डॉ. हर्षा, डॉ. वीना और डॉ. रवि का सहयोग रहा। महिला को बाल खाने की बीमारी
मरीज से जब पूछताछ की तो उसने बताया था कि उसे बाल खाने की आदत है। डॉक्टर मुकेश ने बताया कि यह एक बीमारी है, जिसे गैस्ट्रिक ट्राइकोबेज़ोअर कहते हैं। डॉक्टर मुकेश ने बताया- अमूमन ऐसा ऑपरेशन पेट चीरकर करना पड़ता है, लेकिन महिला का 10 साल पहले ही एक बड़ा ऑपरेशन हो चुका था। ऐसे में दोबारा ऑपरेशन करने से पेट पर दूसरा बड़ा निशान बन जाता। इसे देखते हुए हमने लेप्रोस्कोपिक (दूरबीन) से ऑपरेशन करने का निर्णय किया। पेट में चार छेद करके निकाला गुच्छा
डॉक्टर ने बताया- महिला के पेट में 2-2 सेमी. के 2 और एक-एक सेमी. के दो यानी कुछ चार छेद किए। करीब ढाई घंटे के प्रोसिजर के बाद बालों के इस गुच्छे को बाहर निकाला। वजन में यह गुच्छा करीब 6 किलोग्राम का था। इसकी साइज 35 बाई 20 सेमी. की थी। ऑपरेशन के बाद महिला अब ठीक है और उसे जल्द छुट्टी दी जाएगी।


