उदयपुर के हाथीपोल थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला को दो बदमाशों ने बड़े ही चालाकी से बातों में उलझाकर 5.50 लाख रुपए कीमत की सोने की ज्वैलरी ठग ली। घटना एमबी हॉस्पिटल के ठीक बाहर की है। जब राजसमंद के चारभुजा निवासी कन्या देवी(67) एमबी हॉस्पिटल डॉक्टर को दिखाकर बाहर आईं। हॉस्पिटल के ठीक बाहर दो बदमाशों ने उनके गले और हाथ में सोने की ज्वैलरी देखकर उन्हें ठगने का प्लान बनाया। बड़े ही शातिर तरीके से दोनों बदमाशों ने बुजुर्ग महिला को बातों में ऐसा उलझाया कि वह उनके चंगुल में फंसती चली गई। महिला को जब ठगी का पता लगा तो उनकी आंखे फटी रह गई। बदमाश बोले-आप मां जैसी, हमारे हिसाब में सहयोग करो
पीड़ित महिला कन्या देवी ने बताया कि जब वे डॉक्टर को दिखाने के बाद हॉस्पिटल से बाहर पहुंची तो वहां दो युवक उनके पास आए। बोले-हमारे आपसी लेनदेन का 13 हजार रुपए का हिसाब करना है। आप हमारी मां जैसी हो, थोड़ा सहयोग करो। दोनों बड़े सम्मान से बातें करने लगे। तभी दोनों में से एक बदमाश महिला को 500 के नोटों की नकली गड्डी सौंपता है। कहता है कि ये एक लाख रुपए है, इन्हें पास खड़ी बस के पीछे ले जाओ और इनमें से 13 हजार रुपए गिनकर दूसरे युवक को दे दो। बाकी पैसे मुझे लौटा देना। तभी बदमाशों ने सिक्योरिटी अमाउंट के रूप में महिला से ज्वैलरी उतारकर देने की बात कही। महिला ने भी उनकी बातों में आकर अपनी ज्वैलरी उतारकर दे दी। महिला जब बस के पीछे गई और नोट गिनना शुरू किए, तभी 500 के पहले नोट के बाद कागज की गड्डी देखकर हैरान रह गई। वापस वह तुरंत बदमाशों के पास पहुंची तो तब तक वे फरार हो चुके थे।


