भास्कर न्यूज | लुधियाना डेमोक्रेटिक टीचर्स फ्रंट (डीटीएफ) और 6635 ईटीटी टीचर्स यूनियन ने डीसी आफिस में स्थित डीईओ कार्यालय का घेराव किया। इसके बाद एडीसी जनरल राकेश कुमार के साथ बैठक की। आरोप है कि मोती नगर प्राइमरी स्कूल के प्रिंसिपल की तरफ से स्कूल टीचर नरिंदर कौर को काफी समय से परेशान किया जा रहा है। उधर, प्रिंसिपल ने आरोपों से इनकार कर दिया। डीटीएफ के जिला अध्यक्ष रमनजीत संधू, जिला सचिव रूपिंदर गिल, 6635 के जिला अध्यक्ष परमिंदर मलौद और जिला सचिव बलजिंदर सिंह का कहना है कि स्कूल प्रिंसिपल सफाई कर्मचारियों के नाम पर शिक्षकों से फंड मांग रहे है। जिसका टीचर्स ने विरोध किया। आरोप है कि स्कूल प्रिंसिपल ने अपनी मनमानी शुरू कर दी। महिला टीचर्स की ड्यूटी को लेकर स्कूल के गेट पर एक घंटा पहले खड़ा होने की ड्यूटी, महिला टीचर्स के लिए बाथरूम में ताला लगाना, क्लास रूम की सफाई करना, छुट्टी के बाद सर्वे के लिए अध्यापिका को अकेले भेजना आदि इस प्रकार लंबे समय तक मानसिक प्रताड़ना दी गई। बुधवार को शिक्षक संगठन डेमोक्रेटिक टीचर्स फ्रंट (डीटीएफ) लुधियाना, 6635 ईटीटी टीचर्स यूनियन ने डीसी ऑफिस स्थित डीईओ (प्राइमरी) के बाहर प्रदर्शन किया। जिसके बाद एडीसी जनरल राकेश कुमार ने अध्यापक नेताओं के साथ बैठक की और प्रिंसिपल पर कार्रवाई की मांग की। संगठनों ने एडीसी से मांग की कि स्कूल प्रिंसिपल के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए। डेमोक्रेटिक टीचर्स फ्रंट के प्रदेश अध्यक्ष विक्रम देव सिंह, 6635 के प्रदेश सचिव सलिंदर कंबोज, उपाध्यक्ष कुलदीप सिंह, 4161 के राज्य नेता जसविंदर, डेमोक्रेटिक इंप्लाइज फेडरेशन के जिला अध्यक्ष सुखविंद मौजूद रहे। इधर, स्कूल प्रिंसिपल सुखधीर सिंह सेखों ने बताया कि जो भी आरोप लगाया गलत है। शिक्षक ने जो भी कापी की जांच की है वह गलत की है। सरकार का कोई कार्य करने को तैयार नहीं है। बाथरूम को कोई लॉक नहीं लगाया गया है।


